फोटो-15- कलक्ट्रेट परिसर में मौजूद जिला पंचायत सदस्य मीरा भारती व अन्य।
- फोटो : CHITRAKOOT
चित्रकूट। जिला अस्पताल में बसपा नेता जिला पंचायत सदस्य मीरा भारती और अस्पताल के सफाईकर्मी के बीच मारपीट का मामला डीएम की चौखट पर पहुंच गया। मीरा भारती ने समर्थकों के साथ डीएम को शिकायती पत्र दिया। इसमें कहा कि यह घटना साजिशन कराई गई है। इसकी जांच कराई जाए। उधर, सफाईकर्मी ने कोतवाली में बयान दर्ज कराया है।
शनिवार को जिला पंचायत सदस्य मीरा भारती ने कलक्ट्रेट में डीएम को दिए पत्र में बताया कि भाभी के खून की जांच रिपोर्ट लेने ब्लड बैंक गईं थीं। कमरे में प्रवेश किया तो दरवाजे पर मौजूद सफाईकर्मी ने अभद्र व्यवहार कर अंदर जाने से रोक दिया। कहासुनी के बाद उसने मारपीट की। आरोप लगाया कि उनके साथ साजिशन घटना कराई गई है। इसकी जांच कराई जाए।
उधर, सफाईकर्मी धनराज सिंह ने शनिवार को कोतवाली में जांच अधिकारी के सामने बयान दर्ज कराए। इसमें मीरा भारती पर गालीगलौज और मारपीट के आरोप लगाए हैं।
गौरतलब है कि शुक्रवार को जिला अस्पताल के ब्लड बैंक परिसर में दोनों के बीच मारपीट हो गई थी। दोनों पक्षों की ओर से कोतवाली में मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने दोनों का मेडिकल परीक्षण कराया है।