पीडीडीयू नगर। लाख कोशिशों के बाद भी रेलवे की संपत्ति की चोरी पर अंकुश नहीं लग रहा है। स्थिति यह है कि दुस्साहसी चोरों ने शुक्रवार की रात चंदौली और सैयदराजा रेलवे स्टेशन के बीच में भगवानपुर गांव के समीप 25 हजार वोल्ट करंट प्रवाहित हो रहे ओएचई वायर चुरा लिया। डेडिकेटेड फ्रेट कारिडोर के ओएचई वायर के चोरी की घटना से रेल प्रशासन में खलबली मच गई है। वहीं अब तक चोरों का पता न चलने से सुरक्षा पर प्रश्नचिह्न लग रहे हैं।
पं. दीनदयाल उपाध्याय रेल मंडल में ईस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर योजना के तहत नई रेलवे लाइन तैयार है। इस पर मालगाड़ियों के परिचालन की तैयारी की जा रही है। इसके लिए ओएचई वायर में 25 हजार वोल्ट का करंट प्रवाहित कर दिया गया है। हाईवोल्ट करंट प्रवाहित होने के बाद भी शुक्रवार की रात चोरों ने चार पोल का ढाई सौ मीटर ओएचई वायर काट लिया। शनिवार की सुबह इसकी जानकारी होते ही रेल प्रशासन में खलबली मच गई। कमांडेंट आशीष मिश्र के निर्देश पर आरपीएफ मानसनगर पोस्ट ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। डॉग स्क्वायड ने मामले की जांच भी की लेकिन अब तक चोरों का पता नहीं चला।