यूपी की चंदौली पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। क्राइम ब्रांच और सदर कोतवाली पुलिस ने वाहन चोरों के एक बहुत बड़े रैकेट का पर्दाफाश करते हुए तीन चोरों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से नौ लग्जरी कार बरामद हुआ। शुक्रवार को पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने बताया कि मध्य प्रदेश पुलिस के द्वारा वाहन चोरी के लिए कुछ इनपुट लिए गए थे।
इसके आधार पर स्थानीय पुलिस टीम सक्रिय हुई। पुलिस ने कटसिला के समीप वाहन चोर गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उनके द्वारा बताए गए स्थानों से लग्जरी वाहनों को बरामद किया गया। वहीं उनके पास से 19 आधार कार्ड, दो लैपटॉप, एक प्रिंटर, एक बायोमेट्रिक मशीन, तीन एटीएम कार्ड, चार मोबाइल भी बरामद हुआ।
दो आरोपियों की तलाश जारी
बताया कि मिथिलेश मौर्य वाराणसी के चौका घाट, बालचंद नियोगी वाराणसी के पहड़िया और चंदौली के इलिया थाना क्षेत्र निवासी शिवाजी को गिरफ्तार किया गया है। तीनों काफी समय से वाहन चोरी और फर्जी रजिस्ट्रेशन पेपर बनाकर बेचने के गिरोह का संचालन कर रहे थे। वहीं पुलिस अब वाराणसी के चोलापुर निवासी धीरज चौबे और मध्य प्रदेश के उदयपुरा रायसेन के निवासी कमल सिंह की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
एसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी मिथिलेश ने स्वीकार किया कि वह तीन वर्षों से वाहन चोरी के कार्यों को अंजाम दे रहा है। वह मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से वाहन को वाराणसी लाते थे। फिर वाहन स्वामी का फर्जी नाम, पता और आधार कार्ड शिवाजी के द्वारा बनाया जाता था। बालचंद नियोगी एक लाख रुपये में फर्जी रजिस्ट्रेशन पेपर तैयार बना देता था। बताया कि करीब 20 से 25 वाहनों का फर्जी ढंग से रजिस्ट्रेशन हुआ है।
पढ़ेंः पुलिस आयुक्त के आवास पर आत्मदाह करने पहुंची दरोगा की पत्नी, पति के खिलाफ शिकायत नहीं सुने जाने से थी क्षुब्ध