पीडीडीयू नगर। तीन करोड़ से अधिक बिजली का बिल बकाया होने के कारण विद्युत विभाग ने क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक नलकूपों (ट्यूबवेल) के कनेक्शन सोमवार की सुबह काट दिए। इससे नलकूपों से जुड़े गांव के लोगों में पानी के लिए दिक्कत हुई। हालांकि देर शाम डीएम ने हस्तक्षेप कर करीब आठ घंटे बाद नलकूपों की बिजली आपूर्ति शुरू करा दी।
बिजली विभाग का आरोप है कि वर्ष 2018 से तीन करोड़ 20 लाख रुपये से ज्यादा बकाया विद्युत बिल होने के कारण कार्रवाई की गई है। दरअसल विद्युत वितरण खंड मुगलसराय से जुड़े क्षेत्र के नौ नलकूपों (ट्यूबवेल) की बिजली आपूर्ति सोमवार की सुबह काट दी गई। इससे साहूपुरी, बहादुरपुर, सतपोखरी, व्यासपुर, सुजाबाद, मलोखर समेत अन्य क्षेत्रों के लोगों के सामनेपानी की भारी समस्या उत्पन्न हो गई। बिजली विभाग द्वारा अचानक की गई कार्रवाई से इलाके के लोगों में हड़कंप मच गया। कोरोना संक्रमण काल में लोगों को शुद्ध पेयजल के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस संबंध में ग्राम प्रधान मनोहर ने बताया कि विभाग ने बिना किसी भी प्रकार की जानकारी दिए आपूर्ति काट दी। इससे ग्राम पंचायत क्षेत्र के लगभग पांच हजार लोगों की आबादी को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं बहादुरपुर गांव के प्रधान मेराज अहमद ने बताया कि संक्रमण काल में शुद्ध पेयजल बेहद जरूरी है। क्षेत्र में बाढ़ के कारण संक्रमण फैलने की आशंका से लोग भयभीत हैं। ऐसे में बिजली विभाग की इस तरह की कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
क्षेत्र के नलकूपों का विद्युत बिल वर्ष 2018 से ही नहीं जमा किया गया है जो बढ़कर लगभग तीन करोड़ 20 लाख से ज्यादा हो गया है। फिलहाल जिलाधिकारी के आदेश पर नलकूपों की बिजली बहाल कर दी गई है लेकिन समय रहते विद्युत बिल का भुगतान नहीं किया गया तो अगले आदेश पर पुन: कार्रवाई की जाएगी। - प्रवीन कुमार सिंह, अधशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड-2, मुगलसराय।