कंदवा। निजी स्कूल संचालक द्वारा बसों से विद्यालय के कर्मचारियों को लाने ले जाने का परमिट लेकर बच्चों को ढोने वालों के खिलाफ विभाग ने कार्रवाई का मूड बना लिया है। जल्द ही परिवहन विभाग ऐसे वाहनों के धर पकड़ के लिए अभियान चलायेगी। वहीं दूसरी तरफ कोरोना संक्रमण के पूरी तरह से समाप्त नहीं होने के बावजूद बसों में बच्चे एक दूसरे से सटकर बैठे रहते हैं।
एआरटीओ प्रवर्तन विनय कुमार ने बताया कि विकास खंड बरहनी में कई निजी विद्यालय हैं। बच्चों को घर से विद्यालय लाने व ले जाने के लिए कुछ छोटे तो कुछ बड़े वाहन भी लगे हुए हैं। जो सैयदराजा-जमानिया राष्ट्रीय राजमार्ग सहित राष्ट्रीय राजमार्ग दो पर प्रतिदिन फर्राटा भर रहें हैं। जिसमें कुछ ऐसे भी वाहन सम्मिलित हैं जो अपने स्कूली स्टाफ को ढोने का परमिट लेकर बच्चों को लाने ले जाने में प्रयुक्त किए जा रहे हैं। यहीं नहीं ऐसे वाहनों में बच्चों को बेतरतीब ढंग से एक दूसरे से सटाकर बैठाया जा रहा है। ऐसे में समय रहते ऐसे वाहनों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई जरूरी है। एआरटीओ प्रवर्तन द्वितीय विनय कुमार ने कहा कि स्कूली स्टाफ को ढोने का परमिट लेकर बच्चों को ढोते हुए पाए जाने वाले वाहनों के खिलाफ जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।