पीडीडीयू नगर/ कंदवा। उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार में रविवार को सात नए मंत्री शामिल किए गए लेकिन प्रदेश में धान के कटोरा के नाम से प्रसिद्ध चंदौली जिले से किसी विधायक को लालबत्ती नसीब नहीं हुई। वहीं इससे सटे जिले सोनभद्र और गाजीपुर के विधायक मंत्री बनाए गए हैं।
वर्ष 2017 में हुए विधान सभा चुनाव में मोदी लहर में की वजह से जिले के चार सीटों में तीन सीटें भाजपा ने जीती थी। सकलडीहा सीट जीत कर सपा ने किसी तरह अपनी इज्जत बचाई थी। बाकी तीन सीटों सैयदराजा, मुगलसराय और चकिया पर भाजपा के सुशील सिंह, साधना सिंह और पूर्व मंत्री रहे शारदा प्रसाद ने जीत दर्ज की। चुनाव के बाद भी समझा जा रहा था कि भाजपा की सरकार बनने पर चंदौली को भी मंत्रीमंडल में जगह मिलेगी लेकिन जनपद के किसी विधायक को लाल बत्ती नहीं मिली। उससे पूर्व समाजवादी पार्टी की अखिलेश सरकार में भी यहां से किसी को भी लालबत्ती नहीं नसीब हुई थी। वहीं पड़ोसी जिले गाजीपुर के सदर विधायक डॉ. संगीता बलवंत बिंद और सोनभ्रद के विधायक संजीव सिंह को मंत्री पद मिला। राजनीति के जानकारों का कहना है कि सभी जिलों को लालबत्ती मिलनी संभव नहीं हैं।