शिवपाल के पिता और ग्रामीणों ने सुना पीएम का संवाद
टोक्यो ओलंपिक में चयनित जिले के लाल शिवपाल सिंह के पिता और गांव के लोगों ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का खिलाड़ियों के साथ संवाद को बड़े स्क्रीन पर सुना। इस दौरान गांव के लोग काफी उत्साहित दिखे। उनका कहना था कि शिवपाल जरूर मेडल लेकर आएगा। हांथों में तिरंगा लिए ग्रामीणों नें भी परिजनों के साथ खुशी का इजहार किया।
शिवपाल सिंह के पिता रामाश्रय सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी के इस कार्यक्रम की सराहना की। साथ ही पुत्र शिवपाल पर भरोसा जताते हुए कहा कि शिवपाल गोल्ड मेडल जीतकर जरूर लाएगा और राष्ट्र की शान व मान को बढ़ाएगा। क्योंकि वह जिस कार्य को ठान लेता है, उसे पूरा करके ही दम लेता है।