कस्बे के मोहल्ला मेवातियान निवासी व्यक्ति ने तीन बेटी पैदा होने से नाराज होकर पत्नी से तलाक मांगा है। तलाक का विरोध करने पर उसने पत्नी पर चाकू से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। पुलिस ने पीड़िता को सीएचसी में भर्ती कराया। पीड़िता ने शौहर समेत चार के खिलाफ थाने में नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
बता दें कि गजरौला थाना क्षेत्र निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसने अपनी बहन का निकाह कस्बे के मोहल्ला मेवातियान निवासी युवक के साथ करीब आठ साल पहले किया था। महिला ने तीन बेटियों को जन्म दिया। इससे शौहर और ससुराल वाले नाखुश रहने लगे।
वे आए दिन उसके साथ सौतेला व्यवहार करते। महिला ने पुलिस को बताया कि तीन बेटियों के पैदा होने पर शौहर बार-बार तलाक की धमकी देता है। अब खर्चा देना भी बंद कर दिया है। मंगलवार सुबह छोटी बेटी के बीमार होने पर महिला ने रुपयों की मांग की तो उसने देने से इंकार करके तलाक देने की धमकी दे डाली।
तलाक का विरोध करने पर शौहर ने चाकू से हमला बोल दिया। इससे बचने में दोनों हाथों पर चाकू घाव हो गए और वह लहूलुहान हो गई। पीड़िता ने 100 नंबर पर फोन कर पुलिस को मामले की सूचना दी।
पुलिस ने घायल को सीएचसी लखावटी में भर्ती कराकर मायके वालों को फोन कर घटना की जानकारी दी। मायके वाले थाने पहुंचे और शौहर समेत चार के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।