बदायूं। मलेरिया का पुराना जख्म एक बार फिर उभरने लगा है। सालारपुर ब्लॉक के गांव शेरगंज में बुधवार को फैल्सीपेरम मलेरिया के 10 मामले सामने आए हैं। एक दिन पहले मंगलवार को इसी गांव से 14 केस मिले थे। डर इस बात का है कि मलेरिया के लिहाज से शेरगंज संवेदनशील गांव है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अलर्ट जारी किया गया है। बुधवार को सीडीओ निशा अनंत और सीएमओ डॉ. विक्रम सिंह पुंडीर ने शेरगंज पहुंच कर हालात का जायजा लिया।
मलेरिया के लिहाज से बदायूं के सालारपुर, दातागंज, जगत, समरेर ब्लॉक सौ गांव संवेदनशील श्रेणी में हैं। साल 2019 में यहां मलेरिया और फैल्सीपेरम मलेरिया से सैकड़ों लोगों की जान गई थी। मलेरिया के मरीजों के मामले में बदायूं प्रदेश का दूसरा जिला रहा था। पिछले वर्ष भी यहां मलेरिया ने कहर बरपाया था। इस बार फिर फैल्सीपेरम के केस सामने से लोग डरे हुए हैं।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुधवार को शेरगंज में कैंप लगाकर 200 से ज्यादा लोगों की जांच की। इनमें फैल्सीपेरम मलेरिया के 10 रोगी मिले। मलेरिया और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुधवार को गांव में लार्वा नष्ट करने के लिए अभियान शुरू करने के साथ ही डीडीटी के घोल का छिड़काव किया है।
सीएमओ डॉ. विक्रम सिंह पुंडीर ने बताया कि इन गांवों में विशेष निगरानी की जाएगी। लगातार गांवों में कैंप कर संदिग्धों की मलेरिया जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। मलेरिया के लिहाज से संवेदनशील गांवों में मच्छरदानियों का वितरण भी कराया जा रहा है।
टीम ने गांव में पकड़े मच्छर, जांच को बरेली भेजे जाएंगे
मलेरिया विभाग की टीम ने बुधवार को शेरगंज गांव में लार्वा नष्ट करने के लिए अभियान चलाया। कई स्थानों पर मच्छरों का लार्वा मिला। इसे नष्ट कर दिया गया। टीम ने गांव में अलग-अलग स्थानों से मच्छर भी पकड़े हैं। इन मच्छरों को जांच के लिए बरेली प्रयोगशाला भेजा जाएगा। इसके बाद इन मच्छरों में मिलने वाले वायरस के आधार पर गांव में अभियान चलाया जाएगा। मलेरिया निरीक्षक तनवीर सिंह ने बताया कि पिछले वर्ष भी सालारपुर ब्लॉक में फैल्सीपेरम मलेरिया के 600 से ज्यादा मामले सामने आए थे। फैल्सीपेरम मलेरिया के लिहाज से सालारपुर ब्लॉक सबसे ज्यादा संवेदनशील श्रेणी में है।
एक दिन में मलेरिया के 36 रोगी मिली
मलेरिया विभाग की टीमों ने शेरगंज समेत संवेदनशील अलग-अलग गांवों में बुधवार को कुल 1710 लोगों की जांच की। इनमें मलेरिया के कुल 36 रोगी मिले हैं। कुल रोगियों में मलेरिया के 26 और फैल्सीपेरम मलेरिया के 10 रोगी शामिल हैं। सभी रोगियों को दवाओं का वितरण किया गया है। इनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
मलेरिया का सीजन शुरू हो चुका है। शेरगंज में दूसरे दिन भी मलेरिया के 10 रोगी मिले हैं। संवेदनशील गांवों में अलर्ट किया गया है। प्रतिदिन कैंप लगाकर यहां लोगों की जांच की जाएगी। मलेरिया के लिहाज से जिले में चार ब्लॉक के सौ से ज्यादा गांव संवेदनशील हैं। लोगों को मलेरिया को लेकर जागरूक भी किया जा रहा है। - डॉ. विक्रम सिंह पुंडीर, सीएमओ