-उघैती के गांव में सोमवार रात वारदात, आरोपी फरार
-पुलिस ने महिला को मेडिकल के लिए अस्पताल भेजा
थाना क्षेत्र के एक गांव में 31 मार्च रात गांव के ही युवक ने घर में घुसकर महिला के साथ दुष्कर्म किया। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने महिला को मेडिकल के लिए भेज दिया है। आरोपी फिलहाल फरार है।
महिला से दुष्कर्म की घटना सोमवार रात हुई। उघैती थाने के एक गांव की महिला का कहना है कि 31 मार्च की रात वह अपने घर में अकेली थी। पति बाहर गया हुआ था। रात में करीब दो बजे गांव का ही अनार सिंह दीवार फांद कर उसके घर में घुस आया। सोते वक्त उसे दबोच लिया। उसके साथ दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया। उसने इस बारे में अपने पति को बताया। पति घर पहुंचा, इसके वह पति के साथ मंगलवार को थाने पहुंची। अनार सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी।
एसओ उघैती नरेश कश्यप का कहना है कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर महिला को मेडिकल के लिए भेजा गया है। मेडिकल के बाद उसके कोर्ट में 164 के बयान दर्ज कराए जाएंगे। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद साफ हो जाएगा कि महिला के साथ जोर-जबरदस्ती हुई है या नहीं। आरोपी को गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है।
दुष्कर्म की कोशिश के तीन मामले
दातागंज। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में गांव का ही दबंग मंगलवार तड़के करीब चार बजे एक घर में दीवार फांदकर घुस गया। यहां उसने महिला के साथ दुष्कर्म की कोशिश की। महिला के विरोध करने पर उसे पीट दिया। बाद में यहां से भाग गया। महिला की तहरीर पर पुलिस ने जाबिर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामला दो पक्षों का होने की वजह से गांव में तनाव के हालात भी पैदा हो गए हैं।
उघैती। थाना क्षेत्र के एक गांव में गांव के ही जीतपाल और वीरेंद्र नाम के दो युवक एक घर में घुस गए। दोनों ने यहां महिला को बदनीयत से दबोच लिया। उससे दुष्कर्म की कोशिश की। शोर करने पर दोनों भाग गए। महिला की तहरीर पर पुलिस ने दोनों के नाम रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
जरीफनगर। थाना क्षेत्र के एक गांव में पति को खेत में खाना देने जा रही महिला को दबंगों ने बुरी नीयत से दबोच लिया, महिला की चीख पुकार पर गांव के ही लोग बचाने आए तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। महिला ने आरोपियों के खिलाफ थाना जरीफनगर में तहरीर दी लेकिन पुलिस ने तहरीर लेने के बाद भी कोई कार्यवाई नहीं की। इस पर महिला ने एसएसपी को प्रार्थनापत्र देकर गांव के ही आरोपी धर्मपाल सिंह, लोचन सिंह, प्रेम सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।