महिला की मौत के बाद जिला अस्पताल में हंगामा
परिवार वालों ने अस्पताल स्टाफ पर लगाया लापरवाही का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं।
बरेली रोड पर एसबीआई बैंक के पास शनिवार सुबह एक कार ने सड़क किनारे जा रही महिला को पीछे से टक्कर मार दी। घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिवार वालों ने अस्पताल में स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
खेड़ा नवादा निवासी धर्मपाल कश्यप की पत्नी कुसुम(60) शनिवार सुबह दस बजे किसी काम से बरेली रोड स्थित दुकान पर सड़क किनारे जा रही थी। तभी पीछे से आई एक निजी कार ने उसे टक्कर मार दी। यहां से गुजर रहे लोगों ने घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया और जानकारी महिला के परिवार वालों दी। देर शाम घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो जाने पर परिवार वालों ने जिला अस्पताल स्टाफ पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना थाना सिविल लाइंस को दे दी गई। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।