बदायूं। शहर से सटे गांव की छात्रा को शादीशुदा जीवनसाथी चुनना भारी पड़ गया। वह जिसकी खातिर अपने घर से करीब आठ लाख का सामान समेटकर ले गई थी। 20 दिन बाद उसने छात्रा को घर से निकाल दिया। शिकायत पर पुलिस भी उसकी मदद न कर सकी। अब परिवार वालों ने भी उसे ठुकरा दिया है। अब छात्रा अपने गांव के एक व्यक्ति के घर में शरण लिए हुए है।
मामला सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के एक गांव का है। यहां की बीए की छात्रा का दूसरे गांव के शादीशुदा युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। उसके एक बेटी भी है। करीब बीस दिन पहले छात्रा अपना घर परिवार छोड़कर प्रेमी के घर जा पहुंची। छात्रा अपने घर से लाखों के जेवर समेत करीब आठ लाख का सामान समेट कर ले गई। बताते हैं कि छात्रा करीब बीस दिन प्रेमी के घर रही। उसने युवक पर शादी का दबाव बनाया, इससे युवक का अपनी पत्नी से विवाद शुरू हो गया। उसके परिवार वालों ने भी एतराज किया। इससे युवक ने छात्रा को घर से निकाल दिया। छात्रा सिविल लाइंस थाने पहुंची। उसने प्रेमी के खिलाफ तहरीर दी। इस पर पुलिस युवक को उठाकर थाने ले आई। युवक ने साफ मना कर दिया कि वह शादी नहीं करेगा, छात्रा खुद अपना घर छोड़कर आई है। पुलिस छात्रा को लेकर उसके घर गई लेकिन वहां उसके माता-पिता ने कह दिया कि वह उनके लिए मर चुकी। इससे पुलिस चक्कर में पड़ गई। फिलहाल पुलिस ने छात्रा को न तो नारी निकेतन भेजवाया है और न ही उसे वन स्टॉप सेंटर भेजा है। उसे गांव के एक व्यक्ति के यहां रख दिया गया है।
---
वर्जन....
यह मामला मेरे संज्ञान में नहीं हैं। अगर इस संबंध में कोई तहरीर आती है तो उसकी जांच के उपरांत कार्रवाई कराई जाएगी।
- आलोक मिश्रा, सीओ सिटी