बदायूं। शनिवार को कोतवाली इलाके में बाइक चेकिंग के दौरान सिपाही और बाइक सवार के बीच चाबी को लेकर छीना झपटी हो गई। उन्होंने एकदूसरे से चाबी छीनने की कोशिश की। इस कोशिश में बाइक सवार के माथे में चाबी जा घुसी, इससे वह घायल हो गया। काफी देर तक हंगामा चलता रहा। बाद में बाइक सवार अपने घर लौट गया।
मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव महरौली निवासी चंद्रपाल शर्मा अपने भतीजे की बाइक मांगकर बदायूं कुछ सामान खरीदने आए थे। भतीजे की बाइक नई थी लेकिन उस पर नंबर प्लेट नहीं थी। सरकारीगंज पुलिस चौकी इलाके में जैसे ही चंद्रपाल शर्मा सड़क किनारे बाइक खड़ी करके दुकान पर पहुंचे कि उसी समय चौकी के सिपाही घूमते हुए वहां पहुंच गए। जब उन्होंने बिना नंबर प्लेट की बाइक देखी तो बाइक सवार को तलाश किया। चंद्रपाल शर्मा सामान खरीदने से पहले ही दुकान से उतर आए। सिपाहियों ने कागज मांगे लेकिन उनके पास कागज नहीं थे।
इससे सिपाही उन्हें सरकारीगंज पुलिस चौकी ले गए। वहां चंद्रपाल शर्मा ने बाइक खड़ी कर दी। सिपाही ने चाबी मांगी लेकिन चंद्रपाल शर्मा ने चाबी नहीं दी। इससे दोनों के बीच चाबी को लेकर छीनाझपटी हो गई। सिपाही के हाथ से चंद्रपाल का हाथ छूट गया। इससे चाबी बाइक सवार के माथे में जा घुसी। चंद्रपाल के माथे में गहरा जख्म हो गया। उससे खून बहने लगा। ये देखकर मौके पर हंगामा हो गया। सूचना पर चौकी इंचार्ज इंतजार हुसैन पहुंचे। उन्होंने समझा बुझाकर मामला शांत किया। उन्होंने बाइक चेक की तो वह चंद्रपाल के भतीजे के नाम निकली। चौकी इंचार्ज ने उन्हें नंबर प्लेट लगवाने और कागज लेकर चलने की हिदायत दी फिर छोड़ दिया। संवाद