बदायूं। लोगों की लापरवाही और पुलिस प्रशासन की ढिलाई के कारण जिले में कोरोना संक्रमण अब बेकाबू होने लगा है। मंगलवार को जिले में इस सीजन के रिकार्ड 49 रोगी मिले। इनमें सबसे ज्यादा शहर में 34 लोगों को संक्रमण की पुष्टि हुई है। दातागंज, बिसौली, उझानी, जगत, उसावां में दो-दो और अंबियापुर, सालारपुर, इस्लामनगर में एक-एक संक्रमित मिला है। सभी संक्रमितों को होम क्वारंटीन किया गया है। इसके साथ ही और जिले में सक्रिय संक्रमितों की संख्या बढ़कर 129 हो गई है।
जनवरी के पहले सप्ताह से ही कोरोना संक्रमण की रफ्तार बढ़ने लगी थी। विशेषज्ञ लगातार आगाह करते रहे कि कोरोना की तीसरी लहर में संक्रमण फैलने की दर कई गुना ज्यादा होगी। सोमवार को जिले में 21 नए संक्रमित मिलने के बाद इनके संपर्क में आने वालों की भी जांच की गई। सोमवार को जिले में कुल 3129 लोगों के सैंपल लिए गए थे। इनकी जांच रिपोर्ट मंगलवार को आ गई। बाल विकास परियोजना अधिकारी आदीश मिश्रा भी संक्रमित हो गए हैं। इसके अलावा पुलिस लाइन में दो कांस्टेबल और एक महिला कांस्टेबल संक्रमित मिले हैं। मेडिकल कॉलेज के एक डॉक्टर की पत्नी भी संक्रमित हो गई हैं। अभियोजन अधिकारी कार्यालय में भी एक संक्रमित मिला है।
मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने संक्रमितों के संपर्क में आए 150 से ज्यादा लोगों को ट्रेस करने के बाद इनके सैंपल लिए हैं। मंगलवार को जिले में शाम तक करीब 29 सौ सैंपल लिए जा चुके थे। गौर करने वाली बात यह है कि जनवरी के दूसरे सप्ताह से ही संक्रमण की रफ्तार चरम पर है। इसके बाद भी हर ओर लापरवाही दिख रही है। ऐसे में अंदाजा लगाया जा सकता है कि अगर लोगों ने कोरोना गाइड लाइन को गंभीरता से नहीं लिया तो फरवरी अंत तक हालात बेहद खराब हो सकते हैं।
-
कोरोना संक्रमण की रफ्तार तेजी से बढ़ रही है। गाइड लाइन का पालन और एहतियात बेहद जरूरी है। सैंपलिंग की रफ्तार को बढ़ाया गया है। मंगलवार को जिले में 49 लोगों को संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनको होम क्वारंटीन किया गया है। सभी की हालत सामान्य है। लोगों को चाहिए के मास्क का इस्तेमाल और दो गज की दूरी का पालन करें। जरूरी होने पर ही घर से निकलें।
-डॉ. प्रदीप वार्ष्णेय, सीएमओ