बदायूं। गन्ना किसानों का जिले में हाल बेहाल है। बकाए को लेकर सुनवाई न होने से गन्ना किसानों का सहकारी चीनी मिल समेत तीन चीनी मिलों पर 10 करोड़ से अधिक भुगतान बकाया चल रहा है। इसे दिलाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से अब तक कोई व्यवस्था नहीं की गई है। ऐसे में मिठास का कारोबार करने वाले कई गन्ना किसानों की दीपावली फीकी रहेगी।
जिले में दो चीनी मिलें हैं। इसमें यदु शुगर मिल बिसौली तो दूसरी द किसान सहकारी चीनी मिल शेखूपुर है। जिले के अधिकतर किसानों का गन्ना इन दिनों चीनी मिलों पर ही जाता है। बाकी किसानों का गन्ना अन्य जिलों की चीनी मिलों द्वारा जिले में बनाए गए क्रय केंद्रों पर जाता है। अधिकतर चीनी मिलों द्वारा गन्ना किसानों को समय से भुगतान नहीं किया जाता। जबकि शासन के निर्देश है कि चीनी मिल को गन्ना देने के 14 दिनों के अंदर गन्ना किसानों को भुगतान कर दिया जाए।
-------------------
सिर्फ यदु शुगर मिल ने किया पूरा भुगतान
यदु शुगर मिल पर किसानों का करीब 59.75 करोड़ रुपये बकाया था। इसे लेने के लिए किसानों ने अधिकारियों के चक्कर लगाने के साथ धरना-प्रदर्शन, आमरण अनशन तक किया था, तब जाकर जिलास्तरीय अधिकारियों ने किसानों की मांग पर ध्यान दिया। इसके बाद में चीनी मिल पर दबाव बनाना शुरू किया गया। इसका नतीजा यह हुआ कि यदु शुगर मिल ने गन्ना किसानों का सौ फीसदी भुगतान करते हुए किसानों के खातों में धनराशि को हस्तांतरित कर दी ।
-
यह है चीनी मिलों पर बकाया
कासगंज की न्यौली चीनी मिल-सात करोड़ 70 लाख 62 हजार रुपये
-बदायूं की द किसान सहकारी चीनी मिल-दो करोड़ 37 लाख रुपये
-चंदौसी की वीनस चीनी मिल-87 लाख रुपये
-
किसानों ने कहा-भुगतान मिल जाए को बात बन जाए
चीनी मिल अगर किसानों को समय से भुगतान कर दे तो काफी काम पूरे हो सकते हैं, लेकिन समय से भुगतान न होने की वजह से किसानों को दिक्कत बढ़ जाती है। अब दिवाली है, ऐसे में रुपयों की ज्यादा जरूरत है।
- शशांक गुप्ता, कादरचौक
-
अगर हम चीनी मिल से उधार धनराशि की मांग करते तो चीनी मिल की आनाकानी समझ में आती। हमारा चीनी मिलों पर कई महीनों से बकाया आ रहा है। ऐसे में अधिकारियों को ध्यान देना चाहिए और भुगतान करना चाहिए।
- आशीष, शेखूपुर
-
यदु शुगर मिल पर किसानों को सबसे ज्यादा बकाया आ रहा था। उसका सौ फीसदी भुगतान कर दिया गया है। अन्य चीनी मिलों पर जो बकाया आ रहा है, उसे भी दिलाने का पूर्ण रूप से प्रयास किया जा रहा है ताकि जिले के गन्ना किसानों की दिक्कतें दूर हों।
- राम किशन, जिला गन्ना अधिकारी बदायूं