बिजनौर में प्रेम विवाह कर पति के साथ रह रही युवती को प्रताड़ित करना दो पुलिसकर्मियों को भारी पड़ गया। एसपी ने दौलतपुर चौकी पर तैनात दोनों आरक्षियों को निलंबित कर दिया है। दरअसल, युवती ने इस मामले में हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। हाईकोर्ट के आदेश पर यह कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. धर्मवीर सिंह ने नूरपुर की दौलतपुर चौकी के मुख्य आरक्षी राजीव कुमार और सोमवीर को निलंबित कर दिया। बता दें कि नूरपुर के गोहावर निवासी उर्मी ने गांव के ही कामेंद्र से जनवरी में प्रेम विवाह कर लिया था। दोनों ने लखनऊ के आर्य समाज मंदिर में शादी की। इसके बाद गांव में आकर रहने लगे। उर्मी ने अपने मायके वालों से खतरा जताते हुए हाईकोर्ट से सुरक्षा मांगी थी। जिस पर हाईकोर्ट ने 15 जुलाई को कामेंद्र और उर्मी को सुरक्षा दिलाने के आदेश दिए। इन आदेशों के बाद भी दंपती को राहत नहीं मिली। बार-बार उन्हें डराया जाता रहा। कई बार उन्होंने पुलिस से गुहार लगाई।
यह भी पढ़ें: मुजफ्फरनगर: किसान श्रद्धांजलि सभा में बोले जयंत चौधरी-किसानों की हत्या कर किया बड़ा पाप
बताया जा रहा है कि निलंबित हुए आरक्षी की रिश्तेदारी भी गोहावर में है। जिसके चलते पुलिसकर्मियों पर पक्षपात करने और बिना वजह परेशान करने का आरोप था। जिससे परेशान होकर उर्मी ने फिर से हाईकोर्ट में दौलतपुर चौकी इंचार्ज समेत तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ याचिका दायर कर दी।
यह भी पढ़ें: लखीमपुर खीरी बवाल: कांग्रेस कार्यकर्ताओं का धरना, गिरफ्तारी न होने पर धूप में सड़क पर लेटकर किया प्रदर्शन
एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेशों का अनुपालन और नियमानुसार कार्रवाई नहीं करने और पीड़िता को परेशान किए जाने को लेकर मुख्य आरक्षी और आरक्षी को निलंबित कर दिया गया है।