काजीपाड़ा जुलाहान निवासी आकिफ अंसारी ने बताया कि गठबंधन प्रत्याशी डॉ. नीरज चौधरी उनके घर पर जनसंपर्क करने आए थे। इस दौरान अकिफ भाई जिंदाबाद के नारे लगे थे। जो वीडियो वायरल हुई है, उसे तोड़मरोड़ के पेश किया जा रहा है।
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के पूर्व सचिव एवं वर्तमान संयुक्त सचिव डॉ. राहुल देशवाल ने कहा कि यह वीडियो मैंने भी देखा और सुना है। इस वीडियो को ध्यान से सुना तो इसमें आकिफ भाई जिंदाबाद की आवाज सुनाई दे रही है। इसमें कुछ भी गलत सुनाई नहीं दिया।
वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल चौधरी ने बताया कि मुकदमे में जो धाराएं हैं, वह संगीन है। इन धाराओं में आजीवन कारावास तक की सजा का प्रावधान है। रही बात वीडियो की तो विवेचना में साफ हो जाना चाहिए, उसमें क्या कहा जा रहा था। इन धाराओं में पुलिस को गिरफ्तारी का पूरा अधिकार है। यदि वीडियो विवादित बताई जा रही है तो पुलिस को गिरफ्तारी से पहले उसकी जांच भी करा लेनी चाहिए।
समाजसेवी सुमन चौधरी ने कहा कि चुनाव तो आते जाते रहेंगे, लेकिन हम सबको आपसी भाईचारा बनाकर रखना चाहिए। सभी नेताओं को भी स्वस्थ राजनीति का परिचय देना चाहिए। चुनाव के दौरान दर्ज होने वाले मुकदमों की सच्चाई सभी जानते हैं, इसलिए सभी को गंभीरता से अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।