मंडावर क्षेत्र में मालन नदी का खेतों में भरा पानी।
- फोटो : BIJNOR
बारिश से गंगा और मालन नदियां उफनीं
मंडावर/बिजनौर। पहाड़ों और मैदान में हो रही बारिश से गंगा और मालन का जलस्तर बहुत बढ़ गया है। गंगा का पानी गांव फतेहपुर सभाचंद की ओर तेजी से कटान कर रहा है। गंगा की उफनती लहरों के आगे कटान निरोधी कार्य रूक नहीं पा रहा है। मालन का पानी रावली के रपटे के एक फीट ऊपर तक बह रहा है। दोनों नदियों का पानी सैकड़ों बीघा खेतों में घुस चुका है।
दो दिन से काफी बारिश हो रही है। पहाड़ों की बारिश का पानी मालन और गंगा में ही आता है। गंगा गांव फतेहपुर सभाचंद की ओर पहले से ही कटान कर रही थी। बारिश से जलस्तर बढ़ने पर गंगा का कटान और तेज हो गया है। गंगा ने गांव के प्राथमिक विद्यालय को जाने वाली सड़क को पूरी तरह काट दिया है और अब कटान करती हुई स्कूल की ओर बढ़ रही है। गंगा के रौद्र रूप को देखकर गांव वाले भयभीत हैं। सिंचाई विभाग द्वारा बल्ली गाड़कर उनके बीच में रेत की बोरी भरकर कटान को रोकने की कोशिश की गई थी जो थोड़ी कामयाब भी हुई थी लेकिन अब फिर से गंगा का कटान तेज हो रहा है। सिंचाई विभाग द्वारा गाड़ी जा रहीं बल्लियों को गंगा कुछ घंटों में ही बहा ले जाती है। मालन का पानी भी रावली रपटे के एक फीट ऊपर से गुजर रहा है। यह रपटा कई गांवों को जोड़ता है। अगर पानी बढ़ा तो गांव वालों के आवागमन के लिए नाव का ही सहारा बचेगा। मंडावर रोड पर पुराने रपटे पर भी गंगा का पानी आ गया है। गंगा और मालन का पानी सैकड़ों बीघा फसलों में भी भर चुका है। मध्य गंगा बैराज के जेई पीयूष बालियान के अनुसार गंगा में 70 हजार क्यूसेक पानी चल रहा है। बारिश से पहले गंगा में काफी कम पानी था।
कर रहे पूूरी कोशिश
सिंचाई विभाग के एक्सईएन राकेश कुमार के अनुसार गंगा का पानी कभी घट तो कभी बढ़ रहा है। ऐसी स्थिति में गंगा की कमजोर रेत तेजी से कटती है। पूरी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। कटान को रोकने के पूरे प्रयास किए जा रहे हैं।
मंडावर के गांव फतेहपुर सभाचंद के प्राथमिक विद्यालय तक कटान करते हुए पहुंची गंगा।- फोटो : BIJNOR
मंडावर के गांव फतेहपुर सभाचंद के प्राथमिक विद्यालय तक कटान करते हुए पहुंची गंगा।- फोटो : BIJNOR