पुलिस को देख छत से कूदा आरोपी का पिता, घायल
नूरपुर। जानलेवा हमले के प्रयास में वांछित चल रहे एक युवक की गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस को देखकर आरोपी युवक का पिता छत से कूदकर गया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने विवेचक दरोगा पर घायल को छत से धक्का देने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
लगभग एक माह पूर्व ताजपुर चौकी क्षेत्र के ग्राम मुस्सेपुर में किसी बात को लेकर दो पक्षों में विवाद एवं मारपीट हुई थी। इसमें मंगोलपुरा निवासी एक युवक के विरुद्ध भी हत्या के प्रयास का मामला दर्ज हुआ था। बुधवार की शाम केस की विवेचना कर रहे दारोगा वांछित युवक की गिरफ्तारी की दबिश देने के लिए पुलिस टीम के साथ मंगोलपुरा गए थे। इस दौरान पुलिस से बचने के प्रयास में आरोपी युवक का पिता निपेंद्र सिंह छत से कूद कर गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं परिजनों का आरोप है कि दबिश के लिए पहुंचे दारोगा ने निपेंद्र को छत से धक्का दे दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर रूप से घायल निपेंद्र को परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेे गए जहां हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं प्रभारी निरीक्षक संजय पांचाल का कहना है कि वांछित की तलाश में दबिश देने गई पुलिस को देखकर युवक का पिता छत से कूद गया। उन्होंने धक्का दिए जाने के आरोप को निराधार बताया है।