नजीबाबाद (बिजनौर)। दरोगा विजय सिंह के पुत्र दीपांशु (28) का शव घर में पड़ा मिला। परिजनों ने गिरकर उसकी मौत होने की बात कही और उसका दाह संस्कार कर दिया।
मुरादाबाद में एंटी करप्शन टीम के साथ तैनात तहसील के गांव मुस्सेपुर निवासी दरोगा विजय सिंह के पुत्र दीपांशु उर्फ बबलू का शव बृहस्पतिवार को सवेरे घर में रक्त रंजित मिला। उसके सिर पर गहरा जख्म था। घटना के समय बबलू दरियापुर स्थित अपने मकान में अकेला था। घर के दरवाजे खुले थे। सवेरे नौकरानी काम पर आई तो उसने रक्तरंजित शव देखकर पड़ोसियों को सूचना दी।
बताया जाता है कि 28 वर्षीय बबलू ने हाल ही में पुलिस विभाग की परीक्षा दी थी वह मानसिक तनाव में था। घटना के समय उसके पिता मुरादाबाद में थे और मां भी घर पर नहीं थीं। दो बहनों का बबलू इकलौता भाई था। परिजनों ने बबलू के गिरकर मौत होने पुलिस को जानकारी दी। परिजनों ने बिना पुलिस कार्रवाई के श्री मालनी श्मशान घाट पर उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
सीओ नितेश प्रताप सिंह ने बताया युवक के छत से गिरकर उसकी मौत होने की खबर पुलिस को मिली थी। मामले की जांच की जा रही है।