नगीना (बिजनौर)। हरिद्वार काशीपुर नेशनल हाईवे पर गांव पुरैनी में टैंकर ने कक्षा छह में पढ़ने वाले छात्र को कुचल दिया जिसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गुस्साए लोगों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। इस दौरान करीब डेढ़ घंटा तक वाहनों के पहिए थमे रहे। पुलिस प्रशासन को ट्रैफिक डायवर्ट करना पड़ा। बाद में सख्त रवैया अपनाते हुए पुलिस ने जाम लगा रहे लोगों को खदेड़ा। उधर छात्र की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे ग्राम पुरैनी निवासी यशपाल प्रजापति का 12 वर्षीय बेटा विवेक कुमार गांव के ही एक सरकारी स्कूल से पढ़कर घर वापस जा रहा था। इसी दौरान विवेक हाईवे पर निकल रही एक चढ़त को देखने लगा। तभी तेज रफ्तार टैंकर ने छात्र को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मौत की खबर सुनते ही नाराज परिजन और ग्रामीणों ने फोरलेन हाईवे पर पहुंचकर दोनों लेन में वाहन खड़ा कर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस को लोगों ने छात्र के शव नहीं उठाने दिया। इस दौरान हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। मौके पर सर्किल के चारों थानों की भारी पुलिस डेढ़ घंटे तक जाम नहीं खुलवा सकी। करीब डेढ़ घंटे बाद एसडीएम अवनीश कुमार त्यागी मौके पर पहुंचे तथा उनके कड़े तेवर के बाद पुलिस भी हरकत में आ गई। इसके बाद जाम खुलवाया जा सका। थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार का कहना है कि घटना कर भागे टैंकर को पकड़ लिया गया है। परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा।
हाईवे पर बिखरी थी किताबें
बताया गया कि पीड़ित परिवार बेहद गरीब है तथा मजदूरी कर ही अपने परिवार का पालन पोषण करता है। मृतक छात्र के पिता नजीबाबाद में होने के कारण मौके पर काफी देर तक नहीं पहुंच पाए थे। घटनास्थल पर छात्र के शव के पास उसकी बिखरी पड़ी किताबें घटना के दर्द को बयां कर रही थी। छात्र की मौत के बाद महिलाओं का रो-रो कर बुरा हाल था।
ट्रैफिक को किया गया डायवर्ट
जाम खुलने के दौरान भी महिलाएं गाड़ियों के आगे आकर दोबारा जाम लगाने का प्रयास करती रही। उधर जाम लगने के बाद पुलिस द्वारा नगीना व धामपुर से रूट को डाइवर्ट कर दिया, फिर भी काफी संख्या में वाहन जाम में फंसे रहे। जिस कारण उसमें बैठे यात्री गर्मी से बेहाल रहे।