बिजनौर : नजीबाबाद में ट्रेन से पकड़ा गया फर्जी टीटीई।
- फोटो : NAZIBABAD
जीआरपी ने पंजाब मेल से पकड़ा फर्जी टीटीई
नजीबाबाद (बिजनौर)। जीआरपी नजीबाबाद ने पंजाब मेल से एक फर्जी टीटीई को गिरफ्तार किया है। उसके पास से बरेली के टीटीई की चुराई गई रसीद बुक, टाई, हैंडबैग और वर्दी बरामद की गई है।
पंजाब मेल 03005 कोच संख्या 58 में फर्जी टीटीआई यात्रियों के टिकट चेक कर रहा था। सूचना मिलते ही शुक्रवार सुबह जीआरपी टीम के प्रभारी सरवेज खां और उनकी टीम ने इस व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। रेलवे स्टेशन नजीबाबाद में पंजाब मेल ट्रेन में पकड़े गए फर्जी टीटीई ने अपना नाम गोविंद उर्फ अरविंद पुत्र हरि ओम निवासी खिरनी बाग बहादुर गंज, थाना सदर बाजार शाहजहांपुर बताया है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह फर्जी टीटीई बनकर ट्रेनों में चेकिंग करता था। इस दौरान वह यात्रियों से रुपये भी ऐंठता था। गोविंद उर्फ अरविंद के पास से पुलिस ने टीटीई की पोशाक, कोट, टाई, हैंडबैग और रसीद बरामद की। गोविंद उर्फ अरविंद ने पूछताछ में बताया कि उसने बरेली स्टेशन क्षेत्र से एक की टीटीई का हैंडबैग चोरी किया था। उसी पोशाक और रसीद के आधार पर वह ट्रेनों में फर्जी तौर पर यात्रियों को चेक कर अवैध वसूली करता रहा है। पुलिस ने आरोपी को चालान कर जेल भेज दिया।