बिजनौर में डीएम आवास के सामने बिल्डिंग में दरार आने के कारण रूट डायवर्जन के कारण कलक्ट्रेट के साम
- फोटो : BIJNOR
सिविल लाइन रोड पर पैदल चलना भी हुआ दूभर
बिजनौर। सिविल लाइन-2 रोड पर जाम के कारण बुधवार को पूरे दिन निकलना दूभर रहा। वाहनों का संचालन सुचारु बनाए रखने में ट्रैफिक पुलिस भी हांफ गई। दरअसल, प्रशासन ने डीएम कंपाउंड के सामने वाली सड़क को बंद करते हुए ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया है। जिसकी वजह से सिविल लाइन सेकेंड पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है। डीएम आवास के सामने एक मकान के धंसने और जर्जर होने के बाद यह रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया गया था।
बुधवार को सवेरे से ही नुमाइश ग्राउंड चौराहे से कलक्ट्रेट के सामने से रोडवेज तक जाने वाली सड़क पर वाहनों की भीड़ रही। बस स्टैंड पर आने जाने वाली सभी रोडवेज की बसें इधर से ही होकर निकलीं। बता दें कि इस सड़क से केवल नजीबाबाद आने जाने वाली प्राइवेट बसों के अलावा दूसरी बसों का संचालन नहीं होता था। रोडवेज की बसें जजी चौराहे से डीएम कंपाउंड से होते हुए बस स्टैंड तक पहुंचती रही हैं। अब डीएम कंपाउंड के सामने तीन मंजिला भवन गिरने की कगार पर है। जिस वजह से बैरीकेडिंग करते हुए सड़क को बंद कर दिया गया है। इस सड़क के ट्रैफिक को सिविल लाइन सेकेंड से गुजारा रहा है। अब ट्रैफिक बढ़ा तो सिविल लाइन सेकेंड रोड पर जाम लग गया। व्यवस्था बनाने में ट्रैफिक पुलिस भी हांफ गई। वाहनों को धीरे-धीरे चलाने के अलावा कोई और उपाय नहीं था। वाहनों की ऐसी भीड़ सड़क पर रही कि दुपहिया वाहनों का भी निकलना मुश्किल हो गया। सवेरे से शाम तक सड़क पर ट्रैफिक की भारी भीड़ रही।
त्योहारों के वक्त होगा बुरा हाल
यूं तो गिरने की हालत में पहुंचे भवन को तोड़ा जा रहा है, लेकिन बेहद ही धीमी गति से। यही हाल रहा तो भवन को गिराने में महीना भर लग जाएगा। तब तक सड़क बंद रहेगी और ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा। अब त्योहारों को लेकर बिजनौर में वाहनों की भीड़ बढ़ना भी तय है। जिसके बाद हालत और भी बुरी हो जाएगी। सिर्फ दो दिन में ही एक सड़क पर वाहनों की भीड़ देख ऐसा लग रहा है, मानो शहर का दम घुट रहा हो। रोडवेज बस स्टैंड के पास चौराहे से विकास भवन तक पहुंचने में ही पंद्रह से बीस मिनट लग रहे थे। चौराहे पर जाम, विकास भवन के सामने जाम और पूरी सड़क पर ट्रैफिक धीरे-धीरे चल रहा था। इस सड़क पर वाहनों के संचालन की व्यवस्था धड़ाम हुई तो वहां ट्रैफिक पुलिस पहुंची।