-एक दशक से हर बारिश में जलमग्न हो जाती है कॉलोनी
-बारिश में खुली दावों की पोल, जलमग्न हुई आवास विकास कॉलोनी
-बृहस्पतिवार को कई घंटे सड़कों पर खड़ा रहा दो फिट पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। शहर में आवास विकास को बेहतर कॉलोनियों में गिना जाता है। मगर आवास विकास कॉलोनी की नियति में जलभराव होना ही है। एक दशक से अधिक समय से कॉलोनी में जलभराव रहता है। हर बारिश में कॉलोनी की सड़कें जलमग्न हो जाती हैं। बारिश की वजह से कॉलोनी में हुए जलभराव ने अधिकारियों के दावों की पोल खोल कर रख दी।
बृहस्पतिवार को सुबह के समय जमकर बारिश हुई। बारिश होने से शहर की सड़कें जलमग्न हो गईं। शहर की आवास विकास कॉलोनी में भी जलभराव हो गया। जो घर नीचे थे, उनमें अंदर तक पानी घुस गया। जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश में आवास विकास कॉलाेनी की तस्वीर साफ हो गई। कॉलोनी में पानी की सही निकासी नहीं है। जिसकी वजह से कॉलोनी में कई घंटे जलभराव की स्थिति बनी रही। सड़कों पर पानी कम होने से तक लोग अपने घरों में कैद रहे। अधिकारी दावा करते हैं कि आवास विकास कॉलोनी में थोड़ी देर के लिए ही जलभराव होता है। मगर बृहस्पतिवार को कई घंटे सड़कों पर पानी भरा रहा।
सीवर लाइन चालू नहीं होने से होती है जलभराव की समस्या
सभासद पुत्र हिमांशु चौधरी का कहना है कि आवास विकास कॉलोनी के सीवर चालू नहीं हैं। सड़क में होजिंग बनी हुई है, मगर उनमें से पाइप गायब हैं। जिसकी वजह से सड़कों पर जलभराव होता है। उन्होंने सीवर लाइन ठीक करने का मुद्दा उठाया है।
थोड़ी बारिश में भी जलमग्न हो जाती हैं सड़कें
विशाल चौधरी ने बताया कि थोड़ी सी बारिश होने पर भी सड़कें जलमग्न हो जाती हैं। घरों के अंदर तक पानी पहुंच जाता है। जिससे काफी परेशानी होती है। बृहस्पतिवार को हुई बारिश से काफी परेशानी हुई। कई घंटे में कॉलोनी से पानी कम हुआ।
जलभराव होने से सड़कों के गड्ढों में चोटिल हो रहे लोग
विभू शर्मा ने कहा कि कॉलोनी की सड़कें टूटी हुई हैं। बारिश की वजह से हुए जलभराव में बाइक फिसल जाती है। जिससे चोट लग जाती है। कई बार सीवर लाइन ठीक कराने की शिकायत कर चुके हैं। बारिश होने से घरों के अंदर तक पानी घुस गया।