कोरोना से अनाथ हुए बच्चों को मिलेंगे दस लाख रुपये
बिजनौर। जिले में कोरोना से हुए अनाथ बच्चों के लालन-पालन एवं भविष्य संवारने के लिए पीएम केयर फंड से दस लाख रुपये मिलेंगे। डीएम उमेश मिश्रा के निर्देशन में योजना पर अमल की प्रक्रिया शुरू हो गई है। शासन स्तर से कोरोना काल में किसी भी तरीके से माता-पिता की हुई मौत से अनाथ बच्चों को सामान्य बाल सेवा योजना शुरू हुई है।
जिले के अनेक परिवारों पर कोरोना का कहर रहा। कोरोना से बच्चे अनाथ हो गए। शासन ने कोरोना से अनाथ बच्चों के पालन पोषण का जिम्मा लिया। कोरोना से अनाथ बच्चों के लिए बाल सेवा योजना शुरू की गई है। योजना में जिले में 86 बच्चों को 4000 रुपये प्रति बच्चा मिल रहा है। अब कोरोना से अनाथ बच्चों का भविष्य संवारने के लिए केंद्र सरकार ने पीएम केयर फंड से मदद देने की घोषणा की है। जिले से सात बच्चों का चयन इस योजना में हो गया है। दो बच्चों के अभिलेखों की जांच चल रही है। डीएम उमेश मिश्रा क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा कर रहे हैं।
ये है दस लाख मिलने की प्रक्रिया
योजना में बच्चे को दस लाख मिलेंगे। इसके लिए डीएम तथा बच्चे का पोस्ट ऑफिस में संयुक्त खाता खुलता है। खाते में दस लाख जमा होंगे। बच्चे की आयु 18 साल पूरी होने तक खाता डीएम की निगरानी में रहेगा। पैसे के ब्याज से बच्चे का लालन पालन होगा। बच्चे खाते से पैसा नहीं निकाल सकते हैं। बच्चे की आयु 23 साल पूरी होने पर पैसा दस लाख रुपये बच्चे को मिल जाएंगे। बताया गया कि डीएम उमेश मिश्रा ने सभी सात प्रकरण भारत सरकार के पोर्टल पर अपलोड करके अग्रसारित कर दिए हैं। जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि पोस्ट आफिस में संयुक्त खाता खुल गए हैं। केंद्र से जल्द पैसा मिल जाएगा।
सामान्य बाल सेवा योजना शुरू
शासन ने कोरोना काल में किसी भी तरह मृत लोगों के अनाथ बच्चों के लिए सामान्य बाल सेवा योजना शुरू की है। जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि योजना में अनाथ बच्चे को 2500 प्रति माह मिलेंगे। बच्चों के चयन की प्रक्रिया चल रही है।