नांगलसोती के गांव चंदोक में सभा करते रालोद के कार्यकर्ता।
- फोटो : NAZIBABAD
‘किसान और मजदूर विरोधी है भाजपा’
नांगलसोती। राष्ट्रीय लोक दल के कार्यकर्ताओं ने गांव चंदोक में न्याय यात्रा मुहिम के तहत सरकार से तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग की है। कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार पर किसान व मजदूर विरोधी होने का आरोप भी लगाया।
रालोद की गांव चंदोक में आयोजित सभा में कार्यकर्ताओं ने एससी-एसटी प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रशांत कनौजिया का स्वागत किया गया। प्रशांत कनौजिया ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लाए गए तीनों कृषि कानून किसान विरोधी है। सरकार पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए किसानों का शोषण कर रही है। प्रदेश महासचिव चौधरी बृजवीर सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार ने चुनाव के दौरान किसानों की आय दोगुनी करने और गन्ने का भुगतान 14 दिनों के अंदर कराने का वादा किया था, लेकिन पिछले चार वर्षों में न तो किसानों की आय दोगुनी हुई, न ही प्रदेश में गन्ना मूल्य बढ़ा और किसानों को 14 दिनों के भीतर गन्ने का भुगतान भी नहीं मिल रहा। जिलाध्यक्ष अली अदनान ने कहा कि रालोद किसान मजदूर हितैषी पार्टी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। सभा में वरिष्ठ नेता नरेंद्र खजूरी, पूर्व सांसद मुंशी रामपाल, बलजीत शास्त्री, सुखबीर सिंह, प्रवीण देशवाल, राहुल सिंह, पूनम चौधरी, धर्मेंद्र, जसराम सिंह, समरपाल सिंह, वीरपाल चौधरी, फारुख, पतराम सिंह, रणवीर सिंह आदि मौजूद रहे।