मौसम का मिजाज बदलने से ज्ञानपुर के आसमान में छाए बादल। संवाद
- फोटो : BHADOHI
जिले में बृहस्पतिवार की रात तेज हवा चली और शुक्रवार की सुबह बदली छाई रही। पछुआ हवा और बदली के चलते ठंड बढ़ गई और लोग ठिठुरते नजर आए। शाम होते ही गलन बढ़ने से जगह-जगह लोग अलाव तापते नजर आए।
बृहस्पतिवार की रात मौसम का मिजाज बदल गया। दिन में कुछ स्थानों पर मामूली बूंदाबांदी होने के कारण रात में तेज हवा चलने से गलन बढ़ गई है। शुक्रवार को सुबह से ही बादल छाए रहे। मौसम को देखते हुए किसान चिंतित हो उठे हैं। जो किसान धान क्रय केंद्रों पर धान बेचने के लिए अपनी बारी की प्रतीक्षा में हैं, उन्हें डर है कि अगर बारिश हुई तो धान भीग जाएगा। शाम को गलन बढ़ने से लोग ठिठुरते और अलाव तापते नजर आए। ठंड के चलते शाम को बाजार, नुक्कड़ चौराहों पर भीड़ कम दिखी। किसानों की मानें तो ठंड रबी फसल के लिए लाभदायक है। तेज बारिश हुई तो आलू के फसल को नुकसान पहुंच सकता है। वहीं मौसम के बदले मिजाज से चिकित्सालय में भी मरीजों की संख्या बढ़ी है। ठंड की वजह से ट्रेन, बस और चार पहिया वाहनों की रफ्तार कम रही। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को बादल छाए रहेंगे। नौ किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ हवा चलने के आसार है जिससे शाम को गलन बढ़ेगी। अधिकतम तापमान 23 सेल्सियस और रात का न्यूनतम तापमान 10 सेल्सियस रहेगा।