ज्ञानपुर। करीब 18 महीने बाद सोमवार से आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन शुरू हो जाएगा, कई केंद्रों के आसपास पानी भरा हुआ है। ऐसे में कक्षाओं का संचालन बड़ी चुनौती होगी।
बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से 546 ग्राम पंचायतों और सात नगर निकायों में कुल 1492 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं। जिसमें 0-6 वर्ष के दो लाख दो हजार 685 बच्चे पंजीकृत हैं। कोरोना वायरस के कारण मार्च 2020 से ही केंद्रों का संचालन नहीं हो रहा है। दूसरी लहर के चलते लगातार डेढ़ साल तक केंद्र बंद रहे। अब सामान्य स्थिति होने पर चार अक्तूबर से केंद्रों के संचालन की शासन स्तर से हरी झंडी दे दी गई है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं की ओर से ध्यान न देने से केंद्रों की हालत खराब हो चुकी है।
अभोली के आंगनवाड़ी केंद्र गंगारामपुर के आसपास जहां पानी भरा है तो चौरी के केंद्रों पर बारिश के कारण सीलन है। जिससे सोमवार से कक्षाओं के संचालन के साथ बच्चों की सुरक्षा बड़ी चुनौती होगी। जिला कार्यक्रम अधिकारी मंजू वर्मा ने कहा कि चार अक्तूबर से केंद्रों का संचालन शुरू हो जाएगा। डेढ़ साल बाद केंद्र शुरू होने के कारण शुरूआती दौर में बच्चे काफी कम आएंगे। कोविड गाइडलाइन का पालन कराने के लिए बच्चों को कम संख्या में बुलाना है। उन्होंने कहा कि सभी सीडीपीओ और सहायिकाओं को निर्देश दिया गया है कि केंद्रो की साफ-सफाई करा दें। जिन स्थानों पर पानी भरा है वहां पर कक्षाएं न चलाई जाए।