नहर कटने से 100 बीघा से अधिक फसल डूबी
ग्राम पंचायत पड़री के सीवान के पास कटी सरयू नहर
ग्रामीण बोरी में बालू रखकर कटान रोकने के प्रयास में जुटे
मुंडेरवा, बस्ती। सरयू नहर खंड चतुर्थ सोमवार रात ग्राम पंचायत पड़री के सीवान पास कट गई। इससे आसपास की 100 बीघा से अधिक फसल पानी में डूब गई। मंगलवार को किसानों ने बोरी में बालू भरकर कटान और पानी रोकने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहे। सरयू नहर खंड के एसडीओ ने कहा कि मामला संज्ञान में है। जल्द ही नहर को ठीक करा दिया जाएगा।
ग्राम प्रधान के प्रतिनिधि वंशीधर पांडेय ने बताया कि ग्राम पंचायत के दक्षिण पूर्व सीवान में स्थित सरयू माइनर बाघापार रजवाहा कट गया है। इससे योगेंद्र नाथ पांडेय, अमित पांडेय, मुस्तफा, वशिष्ठ पांडेय, भदेश्वर पांडेय, बचनू पांडेय, कमलेश पांडेय, लालमन पांडेय, राम आशीष पांडेय, इंद्रमणि पांडेय, चंद्रमणी पांडेय, विजय प्रकाश पांडेय, अशोक, अरविंद भाष्कर सहित अन्य कई किसानों की सैकड़ों बीघा धान और गन्ने की फसल में पानी भर गया है। पानी अगर कुछ दिन खेतों में रुका रहा तो फसल नष्ट हो सकती है। किसानों ने बोरी में बालू भरकर दोनों तरफ पानी को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह कामयाब नहीं हो सके। सरयू नहर के एसडीओ अजय कुमार ने बताया कि महीनों से नहर में पानी नहीं छोड़ा गया है। कुछ गांवों के लोगों ने खेत का पानी और नाले का पानी नहर में कटा दिया है, जिससे नहर में पानी ज्यादा हो गया है और आगे चल कर वही पानी का दबाव बढ़ने के कारण नहर कट गई है। इसे जल्द ठीक करा दिया जाएगा।