बस्ती। कोतवाली क्षेत्र में बस्ती-महसो मार्ग पर मिश्रौलिया गांव के पास
स्कूल से पैदल घर की ओर आ रही एक शिक्षिका से बाइक सवार बदमाश ने उसके गले
की चेन और उसका बैग ले उड़ा। बैग में 1500 रुपये थे।
पीड़िता ने
कोतवाली पुलिस को घटना की तहरीर दे दी है। घटना रविवार को दिन में डेढ़ बजे
के करीब की बताई गई है। कोतवाली क्षेत्र के पुराना डाकखाना मोहल्ला निवासी
रामसूरत सिंह की पुत्री नेहा सिंह बस्ती महसो मार्ग पर शहर के पास ही एक
स्कूल में शिक्षिका हैं।
वह रविवार को स्कूल में विकलांग बच्चों के
लिए लगने वाले स्पेशल क्लास के लिए गई थीं। दोपहर डेढ़ बजे वह पैदल ही घर
की ओर आ रही थी कि अचानक एक बाइक उनके पास आकर रुकी। जब तक वह कुछ समझ
पातीं बाइक चला रहे युवक ने उनके गले से सोने की चेन और उनका बैग छीन लिया।
घटना से भौचक जब तक वह चिल्लाती बाइक चालक बदमाश भाग निकला।
रास्ते में उसने बैग से रुपये निकाल उसे सड़क किनारे फेंक दिया। बैग में
डेढ़ हजार रुपये थे। घर आकर उन्होंने इस घटना की जानकारी अपने परिवारवालों
को दी। बाद में नेहा ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर घटनाक्रम से अवगत
कराते हुए इस मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।
सीओ
(सिटी) अतुल सोनकर ने कहा कि घटना उनके संज्ञान में है। इस मामले में
मुकदमा दर्ज कर इसमें शामिल बदमाश को पकड़ने का निर्देश कोतवाली पुलिस को
दिया गया है। पीड़ित महिला ने बताया है कि एक ही बदमाश ने घटना को अंजाम
दिया है। उसके हुलिए आदि के बारे में उससे जानकारी ली जा रही है। उस बाइक
में बारे में पूछताछ की जा रही है, जिससे वह आया था।