पायकपुर हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़। संवाद
- फोटो : BASTI
- राम जानकी मार्ग पर दुबौलिया थाने के पायकपुर चौराहे की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
दुबौलिया। थाना क्षेत्र के राम जानकी मार्ग पर स्थित पायकपुर में शाम करीब छह बजे बाइक अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिर गई। यहां लकड़ी के बोटे से टकराने की वजह से दो भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कलवारी भेजा गया। जहां पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
कलवारी थानाक्षेत्र के उमरिया निवासी 27 वर्षीय पप्पू पुत्र छेदी दुबौलिया थाना क्षेत्र के देईडीहा खुर्द में अपने मामा राम शंकर उर्फ महंगू के घर आया हुआ था। पुलिस के अनुसार बुधवार शाम मामा का बेटा 28 वर्षीय सोनू उसे बाइक से उमरिया पहुंचाने जा रहा था। घर से पांच सौ मीटर दूरी पर पायकपुर के पास पहुंचते ही उनकी बाइक अनियंत्रित होकर राम जानकी मार्ग के निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में गिर गई। जहां बगल में रखी लकड़ी के बोटे से दोनों टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही गांव व परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने घटना की सूचना दुबौलिया पुलिस को दी। मौके पर डायल 112 ने घायलों को कलवारी अस्पताल भेजा। जहां पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक मनोज त्रिपाठी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।