बरेली। जिले में बुधवार से 12 से 14 वर्ष आयुवर्ग के बच्चों को कोरोना वैक्सीन लगाई जाएगी। इसके लिए कोबोवैक्स वैक्सीन की करीब एक लाख डोज बरेली पहुंच गईं हैं। जिला अस्पताल के बर्न वार्ड की तरफ बने टीकाकरण केंद्र पर इस टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के मुताबिक केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री की घोषणा के बाद मंगलवार दोपहर शासन स्तर से बच्चों का टीकाकरण करने के निर्देश मिल गए हैं। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई स्पष्ट गाइडलाइन जारी नहीं हुई है। जल्द ही गाइडलाइन जारी होने के बाद लक्ष्य, उम्र के सत्यापन, पंजीरकण सहित अन्य गतिविधियों की जानकारी मिलेगी। शासन से प्राप्त दिशानिर्देश के तहत ही आगे टीकाकरण अभियान जारी रहेगा। ब्यूरो
एक संक्रमित स्वस्थ, अब चार सक्रिय केस
बरेली। कोरोना संक्रमितों की तादाद मंगलवार को और कम हो गई। होम आइसोलेशन पर रह रहे एक संक्रमित के स्वस्थ होने के बाद जिले में अब चार सक्रिय केस रह गए हैं। आईडीएसपी इंचार्ज डॉ. अनुराग गौतम के मुताबिक मंगलवार को 1450 सैंपल की प्राप्त जांच रिपोर्ट में कोई भी व्यक्ति संक्रमित नहीं मिला। उन्होंने पांच दिन में किसी के संक्रमित न मिलने पर जिले के कोरोना मुक्त होने की उम्मीद जताई है। ब्यूरो