ससुर पर अश्लीलता करने का आरोप, चार के खिलाफ रिपोर्ट
बरेली। एक विवाहिता ने अपने पति पर दहेज की खातिर तीन तलाक देने का आरोप लगाया है। ससुर पर भी उसने अश्लील हरकतें करने का आरोप लगाते हुए एसएसपी से शिकायत की। बारादरी पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
बारादरी क्षेत्र महिला का निकाह 29 नवंबर 2010 को पुराना शहर निवासी युवक से हुआ था। आरोप है कि पति और ससुराल वाले दहेज में दो लाख रुपयों की खातिर उन्हें प्रताड़ित करते थे और कई बार उनकी हत्या की कोशिश की। वर्ष 2013 में ससुराल वालों ने उन्हें घर से भी निकाल दिया लेकिन समझौते के बाद वह फिर साथ रहने लगी थी। महिला का आरोप है कि ससुर उससे अश्लील हरकतें करते थे और गलत नजर रखते थे। ससुर ने बेटे का दूसरा निकाह कराने की भी धमकी दी। आरोप है कि 28 मई को पति उसके मायके पहुंचा और सबके सामने तीन बार तलाक-तलाक बोलकर चला गया। फिर उसने दूसरी शादी भी कर ली। महिला की शिकायत पर पति समेत चार के खिलाफ थाना बारादरी में रिपोर्ट दर्ज की गई है।