पीपीपी मॉडल पर तैयार की जाएगी 150 दुकानें
बरेली। स्मार्ट सिटी में पटेल चौक का नक्शा भी बदल जाएगा। इस चौराहे पर दिल्ली की तरह पैदल चलने वालों के लिए स्काई वॉक बनाने का प्रस्ताव है जो आमतौर पर उन बड़े शहरों में दिखता है जहां पर बड़ी संख्या में लोग पैदल चलते हैं। अधिकारियों के मुताबिक पटेल चौक में स्काई वॉक उसकी सभी सड़कों से जुड़ा होगा और यहां 150 दुकानें भी तैयार की जाएंगी।
स्मार्ट सिटी के सीईओ अभिषेक आनंद ने बताया कि स्काई वॉक एक तरह का फ्लाईओवर ही है। फर्क बस इतना है कि इसकी ऊंचाई फ्लाईओवर की तुलना में कम होती है और रास्ता फ्लाईओवर के मुकाबले कम चौड़ा होता है। धूप और बारिश से बचाव के लिए स्काई वॉक में प्लास्टिक का शेड होगा। इसके साथ लोगों को स्काईवॉक पर वाईफ ाई की सुविधा भी मिलेगी।
करीब आठ मीटर ऊंचे 12 पिलर पर खड़ा होगा गोलाकार मार्केट
स्मार्ट सिटी के जीएम संजय सिंह चौहान ने बताया कि स्काई वॉक का मानचित्र तैयार कर लिया गया है। इस पर बनने वाला मार्केट राउंड शेप यानी गोलाकार होगा जो 12 पिलर के ऊपर खड़ा होगा। सबसे ज्यादा खासियत यह होगी चारों रास्तों की ओर एस्केलेटर लगाए जाएंगे और नगर निगम गेट के पास पाथ-वे भी बनेगा जो सभी सड़कों को आपस में जोड़ेगा। मानचित्र में सभी पिलर की ऊंचाई 7.8 मीटर तय की गई है। इस बाजार के नीचे यातायात भी चलेगा। बता दें कि पटेल चौक से एक सड़क चौपुला चौराहा, दूसरी चौकी चौराहा, तीसरी नगर निगम और चौथी सड़क बड़ा हनुमान मंदिर की ओर जाती है। स्मार्ट सिटी जीएम ने बताया कि इसकी टेंडर प्रक्रिया जल्द शुरू कर दी जाएगी।
सरदार पटेल की प्रतिमा और ऊंची होगी
नगर निगम के मुताबिक 15 अगस्त 1983 को नगर निगम की ओर से पटेल चौक पर सरदार पटेल की मूर्ति स्थापित की गई थी। अब इस चौक की रोटरी का सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। इसके लिए सरदार पटेल की प्रतिमा की ऊंचाई बढ़ाते हुए इसे और भव्य बनाकर स्थापित किया जाएगा।
इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर से होगी निगरानी
स्काई वॉक पर बैठने की व्यवस्था भी है। इसके लिए उसे जालियों से पूरी तरह बंद किया जाएगा। लोग आते-जाते खाने-पीने का सामान खरीद सकें, इसके लिए लिए एक निश्चित दूरी पर बेंच लगाई जाएंगी। यहां रात में रोशनी का भी प्रबंध होगा। इसमें सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे। निगरानी इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर से की जाएगी।