सड़क निर्माण के चलते एक हफ्ते तक वन-वे रहेगा ट्रैफिक
फतेहगंज पूर्वी। लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर सड़क निर्माण के लिए शनिवार दोपहर दो बजे से बहगुल पुल पर ट्रैफिक वन-वे कर दिया गया, इससे पुल के दोनों ओर जाम लगना शुरू हो गया। हुलासनगरा क्रॉसिंग के बार-बार बंद होने से जाम बेकाबू हो गया। पुलिस ने आधी रात के बाद ही जाम खुलने की संभावना जताई है। वहीं कंपनी के इंजीनियर ने एक हफ्ते तक पुल पर ट्रैफिक वन-वे रहने की बात कही है।
लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर फतेहगंज पूर्वी से मीरानपुर कटरा तक सड़क पर गहरे गड्ढे होने से आए दिन जाम लगता है। कुछ दिन पहले हाईवे पर पैचवर्क कराया गया था, तब जाम से कुछ राहत मिलने लगी थी। शनिवार दोपहर दो बजे कार्यदायी संस्था ने सड़क निर्माण कराने के लिए बहगुल नदी पुल पर एक तरफ का ट्रैफिक बंद कर दिया, इससे जाम लगना शुरू हो गया। वहीं ट्रेनों को गुजारने के लिए हुलासनगरा क्रॉसिंग के बार-बार काफी देर तक बंद रहने से जाम और भीषण हो गया। बहगुल पुल के दोनों तरफ लगभग एक किलोमीटर तक वाहनों की लाइनें लग गईं। मीरानपुर कटरा और फतेहगंज पूर्वी पुलिस जाम खुलवाने के लिए मश्क्कत करती रही। उम्मीद जताई जा रही है कि देर रात तक जाम से राहत मिल सकती है। निर्माण कंपनी के इंजीनियर राघव का कहना है कि निर्माण कार्य लगभग एक हफ्ते में खत्म हो जाएगा, लेकिन तब तक हाईवे पर कुछ कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।