पुलिस अफसरों को कार्यशैली में सुधार के निर्देश
जनप्रतिनिधियों ने पुलिस अफसरों के कॉल रिसीव नहीं करने का मामला उठाया। मंत्री ने सभी अफसरों को जनप्रतिनिधियों के समन्वय से कार्य करने का सुझाव दिया। शाही में महिलाओं की हत्या के सवाल पर मंत्री ने पुलिस अधिकारियों को कार्यशैली में सुधार लाने के निर्देश दिए।
महापौर ने उठाया जर्जर सड़कों का मामला
महापौर उमेश गौतम ने कांवड़ यात्रा के मद्देनजर अलखनाथ व मढ़ीनाथ मंदिर वाली सड़कों के जर्जर होने का मामला उठाया। मंत्री ने पीडब्ल्यूडी, जल निगम, अपर नगर आयुक्त को संयुक्त रूप से सर्वे कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। मंत्री ने बताया कि नाथ कॉरिडोर के लिए 25 करोड़ रुपये जारी हो गए हैं। परियोजना पूरी होने तक हर साल इतनी धनराशि मिलती रहेगी।
पंचायत सहायक खोलें सामुदायिक शौचालय का ताला
जनप्रतिनिधियों ने पंचायतों में बने सामुदायिक शौचालयों का प्रयोग न होने का मामला उठाया। प्रभारी मंत्री ने पंचायत सहायकों को रोज सामुदायिक शौचालय खोलते हुए सेल्फी खींचकर उच्चाधिकारी को भेजने के लिए निर्देशित करने को कहा। सफाई कर्मियों की अनुपस्थिति की शिकायतों पर हेल्पलाइन नंबर जारी करने के निर्देश दिए।
खेती के साथ छिटपुट कारोबार कर रहे किसानों को जीएसटी अफसरों की ओर से परेशान किए जाने की शिकायतों पर चेतावनी दी। रिछा में अपात्रों को भी आवास योजना का लाभ दिए जाने के मामले की जांच के निर्देश दिए।
टेल तक पानी पहुंचने के दावे पर आपत्ति
सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने 166 नहरों में टेल तक पानी पहुंचने का दावा किया तो जनप्रतिनिधियों ने इस पर आपत्ति जताई। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता सिंचाई को जिन नहरों के टेल तक पानी पहुंचा है, उसकी ब्लॉकवार सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्य अभियंता को नोटिस
जनप्रतिनिधियों ने ट्रांसफार्मर फुंकने, फॉल्ट और ट्रिपिंग बढ़ने की समस्या उठाई। प्रभारी मंत्री ने मुख्य अभियंता से जानकारी मांगी, पर वे मौजूद नहीं थे। इस पर उनको नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही, जहां ज्यादा समस्या है, वहां उच्च क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाने के निर्देश दिए।
लेखपालों को सरकारी भूमि खाली कराने व स्वास्थ्य विभाग को अभियान चलाकर आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए। जिन स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सक तैनात नहीं हैं, वहां अन्य स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सकों की ड्यूटी सप्ताह में तीन-तीन दिन तक लगाने के निर्देश दिए।