आंवला में होंगे कई कार्यक्रम
अयोध्या में 22 जनवरी को भगवान श्रीराम की मूर्ति के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की ओर से कस्बे में कई आयोजन होंगे। इनकी तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसको लेकर मंगलवार को सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में एक बैठक हुई। बैठक में जिला प्रचारक धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि 15 जनवरी तक कार्यकर्ता घर-घर जाकर अयोध्या से आए पूजित अक्षत बांटेंगे। 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद की जयंती के उपलक्ष्य में बाइक रैली निकाली जाएगी। 14 जनवरी को महिलाएं कलश यात्रा निकालेंगी।
19 जनवरी को श्रीसुभाष इंटर काॅलेज के मैदान में विशाल धर्मसभा होगी। प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर नगर के मुख्यमार्ग को भव्य तरीके से सजाया जाएगा। मठ- मंदिरों में श्रीरामचरित मानस, हनुमान चालीसा का पाठ करने के साथ भजन संध्या व कीर्तन होगा। उन्होंने घरों पर धर्म ध्वजा लगाने व 22 जनवरी को दीपोत्सव मनाने की अपील की। इस दौरान गौरवित खंडेलवाल, अंकुर अग्रवाल, धर्मवीर, सुरेश, विपिन सिंह, दुर्गेश सक्सेना आदि मौजूद रहे।