Saraf five million bags full of jewels looted
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
मीरा की पैठ से दुकान बंद कर घर लौट रहे सराफ पंकज गुप्ता को छह बदमाशों ने असलहों के बल पर घेर लिया। बदमाशों ने उनकी स्कूटर छीनी और उसमें रखा गहनों से भरा बैग लूट लिया। बदमाश स्कूटर को छोड़कर बैग लेकर भाग गए। बैग में पांच लाख रुपये के जेवर बताए गए हैं। सर्राफ ने शोर मचाते हुए पीछा किया तो मदद को दौड़े कुछ लोगों ने एक संदिग्ध को रास्ते से पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है। दुकान में लगे सीसीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पीलीभीत बाईपास स्थित पवन विहार कॉलोनी निवासी पंकज गुप्ता की पुराना शहर में मीरा की पैठ के पास सोने चांदी के जेवर बेचने की दुकान है। पंकज गुप्ता शुक्रवार शाम सवा सात बजे दुकान बंद करके स्कूटर से घर जा रहे थे। कुछ दूर चलने के बाद बाइक सवार छह बदमाशों ने पंकज गुप्ता को घेर लिया और शोर मचाने पर तमंचे तानते हुए गोली मारने की धमकी दे डाली। बदमाशों ने उनकी स्कूटर छीनी और भागने लगे। कुछ दूर पर बदमाश स्कूटर छोड़कर उसमें रखा गहनों से भरा बैग लेकर गलियों में होते हुए भाग गए। पंकज गुप्ता शोर मचाते बदमाशों के पीछे भागे तो कुछ लोग भी उनकी मदद को दौड़ पडे़। रास्ते में उन्होंने एक संदिग्ध को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस पकड़े गए संदिग्ध को जगतपुर चौकी ले आई और उससे पूछताछ शुरू कर दी। इंस्पेक्टर बारादरी राजेश सिंह ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। दुकान के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी खंगाली गई। पंकज गुप्ता ने बताया कि उनके बैग में पांच लाख रुपये के गहने थे। कितने गहने गिरवी गांठ के थे और कितने बिक्री करने वाले थे, यह वह शनिवार को अपना रजिस्टर चेक करके बताएंगे। इंस्पेक्टर बारादरी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। जल्द ही लुटेरों का पता लगाया जाएगा।
क्राइम ब्रांच ने की संदिग्ध से पूछताछ
सराफ से हुई लूट की घटना के खुलासे में क्राइम ब्रांच भी लग गई है। क्राइम ब्रांच की टीम ने जगतपुर चौकी पहुंचकर हिरासत में लिए गए संदिग्ध से पूछताछ की है। संदिग्ध का कहना है कि वह सेटेलाइट की तरफ से पैदल लौट रहा था और उसे बेवजह पकड़ लिया गया है।
दुकान के आसपास के लोगों को शटर उठने पर चला पता
पंकज गुप्ता की दुकान से कुछ दूर पर ही लूट की घटना हुई। मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर का कहना था कि बदमाश दुकान से ही सराफ के पीछे लगे होंगे। दुकान बंद करते समय उन्होंने जरूर रैकी की होगी। इसलिए इंस्पेक्टर पंकज गुप्ता को उनकी दुकान पर लेकर आए और शटर खुलवाया। यह देख आसपास के लोग एकत्र हो गए और पूछने लगे क्या हो गया। तब उन्हें बताया गया कि पंकज दुकान बंद करके लौट रहे थे और रास्ते में उन्हें लूट लिया गया।