शोहदों से परेशान सिपाही की बेटी घर से नहीं निकल पा रही है। उसे कॉलेज आते जाते समय शोहदे घेरकर तंग करते हैं। एक शोहदे ने धोखे से उसकी फोटो चुराने के बाद एडिट कर व्हाट्सएप और फेसबुक पर वायरल कर दी है। यही नहीं शोहदों ने घरवालों से शिकायत करने पर छात्रा को तेजाब डालकर चेहरा बिगाड़ने की धमकी दी गई है। इससे वह दहशत में है।
शहर की रहने वाली एक युवती ने शुक्रवार को बारादरी थाने में फरीदपुर निवासी अब्दुल कदी पुत्र आरिफ हुसैन, सोबी पुत्र साजिद निवासी मोहल्ला मरदान कस्बा फरीदपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। यह युवती एक सिपाही की बेटी है और एक कॉलेज में बीएससी तृतीय में पढ़ती है। छात्रा का कहना है कि कॉलेज आते जाते समय यह युवक उस पर गंदे कमेंट करते हैं। इसकी शिकायत जब उसके घरवालों ने लड़कों के घरवालों से की तो वह और बौखला गए। बारादरी इलाके की ईसाईयों की पुलिया के पास उसे घेर लिया और चेहरे पर तेजाब डालने की धमकी दे डाली। यही नहीं एक आरोपी ने उसकी फोटो धोखे से हासिल कर उसे एडिट कर व्हाट्सएप और फेसबुक के माध्यम से उसके भाई और रिश्तेदारों को भेज दी। जिससे उसकी बेहद बदनामी हुई है। छात्रा का आरोप है कि लड़के नए नए नंबरों से उसको और उसके रिश्तेदारों को मैसेज कर रहे हैं। जिससे वह तंग आ चुकी है।
छात्रा की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उसके पास जितने भी एमएस भेजे गए हैं, सबका मोबाइल फोन से प्रिंट आउट कर संकलन कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
- राजेश सिंह, इंस्पेक्टर बारादरी