ससुरालियों के पिटाई करने के मामले में कार्रवाई न होने से आहत था युवक
सीबीगंज। पत्नी को बुलाने ससुराल पहुंचे रंजीत गिरि से मामूली बात को लेकर ससुराल वालों ने मारपीट की। उसने इसकी शिकायत सीबीगंज पुलिस से की, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उसे थाने से भगा दिया। पुलिस के व्यवहार से आहत रंजीत ने थाने के सामने ही अपने ऊपर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा ली। यह देखकर पुलिस के होश उड़ गए। जैसे-तैसे आग बुझाकर उसे बचाया गया, लेकिन इस बीच वह गंभीर रूप से झुलस गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना सीबीगंज क्षेत्र के गांव महेशपुरा निवासी रंजीत गिरि उर्फ भूरा ऑटो चलाकर जीवन यापन करता है। बुधवार सुबह वह पत्नी मधु को लेने ससुराल पस्तोर आया था। रंजीत गिरि की शादी मधु से करीब छह वर्ष पहले हुई थी। मधु ज्यादातर अपने मायके पस्तौर में ही रहती है। रंजीत ने जब मधु से घर चलने को कहा तो वह बहाने बनाने लगी। इसे लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। बात बढ़ने पर दोनों में मारपीट होने लगी तो ससुराल वालों ने मधु का पक्ष लेते हुए रंजीत की जमकर पिटाई कर दी। रंजीत ने थाना सीबीगंज पहुंचकर ससुराल वालों के खिलाफ तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट लिखने के बजाय डांट डपट कर भगा दिया।
इससे आहत होकर रंजीत कहीं से मिट्टी का तेल लेकर आया और थाने के सामने अपने ऊपर उडे़ल कर आग लगा ली। रंजीत को जलता देख थाने में हड़कंप मच गया। पुलिस ने जैसे-तैसे आग बुझाई, लेकिन इस बीच रंजीत काफी झुलस गया। पुलिस ने तुरंत उसे एक वाहन से जिला अस्पताल भेजा। पुलिस का कहना है कि रंजीत नशे में था। वह कोई बात सुनने को ही तैयार नहीं था।