गर्लफ्रेंड के लिए पिता के
खाते से उड़ाए 2 लाख
क्रासर
- पेटीएम से एक साल में उड़ाई नकदी, पिता ने कार्रवाई से मना किया
अमर उजाला ब्यूरो
बाराबंकी। एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड के शौक पूरे करने के लिए पिता को ही चूना लगा डाला। युवक ने पिता के बैंक खाते से जालसाजी कर 2.13 लाख रुपये की नकदी निकाल ली। इस बीच हुई शिकायत पर जब पुलिस ने जांच की तो यह बात सामने आई। हालांकि पिता ने बेटे पर रिपोर्ट दर्ज करवाने से इंकार कर दिया जिसके चलते पुलिस ने उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है। इस मामले का खुलासा करने पर एसपी वीपी श्रीवास्तव ने साइबर टीम को पांच हजार रुपये का पुरस्कार दिया है।
फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गंगोला निवासी अरविंद सिंह ने एसपी वीपी श्रीवास्तव को प्रार्थना पत्र देकर बताया था कि उनके बैंक खाते से 2.13 लाख की नकदी निकाल ली गई है। इस बीच एसपी के आदेश पर साइबर सेल के एसआई अनूप यादव की टीम ने जांच शुरू किया तो पता लगा कि जिस पेटीएम नंबर से खाते से नकदी का लेन देन किया गया है वह शिकायतकर्ता के पुत्र हिमांशु पटेल का है। पुलिस ने जब हिमांशु पटेल को पकड़कर उससे पूछताछ किया तो उसने पूरे मामले की जानकारी दी। हिमांशु ने बताया कि वह एक निजी कंपनी में नौकरी करता है लेकिन इससे उसका खर्च नहीं पूरा हो रहा था। हिमांशु ने कहा कि पैसा उसने अपनी गर्लफ्रेंड पर खर्च कर दिया। उसने बताया कि करीब एक साल से वह पैसे निकाल रहा था लेकिन पिता को अभी कुछ समय पहले ही इसकी जानकारी हो सकी। एसपी ने बताया कि पिता ने बेटे पर कार्रवाई करने से मना कर दिया है जिस पर उसको छोड़ दिया गया।