बाराबंकी। सदर तहसील में लेखपाल व अधिवक्ताओं के बीच विवाद में हुए खूनी संघर्ष व उपद्रव के मामले में अब तक चार मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इनमें से एक मुकदमा रविवार को सिविल लाइन चौकी प्रभारी की तहरीर पर दर्ज किया गया।
वहीं एक दिन पहले हुई घटना को देखते हुए सदर तहसील की सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस व पीएसी तैनात की गई। तहसील में उपद्रव करने वालों के गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छह टीमें लगाई गई हैं जो दबिश दे रही हैं। हालांकि पुलिस ने अधिवक्ता रितेश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित सदर तहसील में लेखपाल व अधिवक्ताओं में हुए विवाद के मामले में शनिवार को जमकर बवाल हुआ था। इस मामले में लेखपाल चंद्रसेन व संदीप समेत पांच लोग घायल हुए थे। तहसील में अराजकतत्वों ने जमकर तोड़फोड़ कर उपद्रव किया, करीब चार घंटे तक सड़क जाम कर प्रदर्शन भी किया था।
इस मामले में अधिवक्ता धर्मेंद्र की तहरीर पर लेखपाल चंद्रसेन पर हत्या के प्रयास व लेखपाल चंद्रसेन की तहरीर पर धर्मेंद्र आदि पर मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके बाद देर रात नायब नाजिर अरविंद शुक्ला की तहरीर पर अखिलेश, रीतेश, अनुराग, सहजराम आदि पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।
वहीं एसपी के आदेश पर प्रभारी निरीक्षक नगर, सतरिख व सफदरगंज, अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक नगर, एसएसआई नगर व देवा एसओ की टीम गठित की गई जो अराजकतत्वों की गिरफ्तारी को लेकर दबिश दे रही हैं। पुलिस ने अधिवक्ता रीतेश को गिरफ्तार कर रविवार को जेल भेज दिया। सीओ सीमा यादव ने बताया कि दर्ज मुकदमे में रीतेश को जेल भेज दिया गया है। अन्य की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।