बांदा। तकनीकी एवं प्रौद्योगिकी शिक्षा संस्थानों और उच्च शिक्षा के टैबलेट/स्मार्ट फोन के लिए चिह्नित किए गए 36,576 छात्र-छात्राओं में सिर्फ 2000 को ही टैबलेट/स्मार्ट फोन मिल पाएंगे। शेष 34,576 को इंतजार करना होगा। शासन ने पहली खेप में इतने ही स्मार्ट फोन/टैबलेट उपलब्ध कराए हैं। डाटा शासन को भेजा जा चुका है।
जनपद में कृषि एवं प्रौद्योगिकी के 1077, उच्च शिक्षा के 28,429, मेडिकल शिक्षा के 557, व्यावसायिक के 570, तकनीकी शिक्षा के 2054 और वोकेशनल शिक्षा के 3889 विद्यार्थियों को स्मार्ट फोन/टैबलेट के लिए सूचीबद्ध किया गया है। शासन को यह विवरण भेज दिया गया है। सह नोडल प्रभारी/महिला डिग्री कालेज प्राचार्य डॉ. दीपाली गुप्ता ने बताया कि 2000 टैबलेट/स्मार्ट फोन मिल चुके हैं। वितरण तिथि फिलहाल घोषित नहीं हुई। इससे पहले जनपद के 191 छात्र-छात्राओं को पिछले माह लखनऊ में आयोजित अटल बिहारी बाजपेयी जयंती समारोह में टैबलेट व स्मार्ट फोन दिए जा चुके हैं।