बांदा। केन नदी किनारे स्थित ऐतिहासिक नटबली भूरागढ़ मंदिर में वार्षिक मेले की तैयारियां प्रशासन ने भी पूरी कर ली हैं। मुख्य विकास अधिकारी ने कलक्ट्रेट सभागार में मेला संबंधी बैठक की। भूरागढ़ दुर्ग और नटबली मंदिर में 14 व 15 जनवरी को मेला लगेगा।
सीडीओ ने संबंधित सभी विभागों को निर्देश दिया कि कोविड-19 गाइड लाइन का पालन, सुरक्षा, यातायात और मेला स्थल पर अन्य व्यवस्थाएं समय से पूरी कर लें। पुलिस बांदा-महोबा हाईवे पर यातायात व्यवस्था देखे। मकर संक्रांति पर नदी में श्रद्धालु महिलाओं द्वारा स्नान के बाद कपड़े बदलने के लिए पूर्व वर्षों की तरह अबकी भी टेंट लगाया जाए। केन घाट पर अन्य व्यवस्थाएं नगर पालिका करे। यहां 6 सीसीटीवी कैमरे भी नगर पालिका लगाएगी। भूरागढ़ दुर्ग स्थित शहीद स्मारक में भी पुलिस तैनाती के निर्देश दिए। केन नदी में गोताखोर और मोटर बोट तैयार रखने के लिए तहसीलदार को जिम्मेदारी दी। रेलवे पुल पर अराजकतत्वों द्वारा किए जाने वाले स्टंट की रोकथाम के लिए आरपीएफ व जीआरपी को निर्देश दिए।
सीडीओ ने श्रीमद्भागवत महायज्ञ पुराण के दौरान सफाई व अन्य व्यवस्थाएं करने तथा बारिश से हुए कटाव की भराई व चूना-कलई के लिए डीपीआरओ, बीडीओ व ईओ को निर्देश दिए। बैठक में व्यापारी नेता मनोज जैन, राजकुमार राज सहित जिला विकास अधिकारी रवि किशोर त्रिवेदी, स्टेनो अनूप रावत आदि शामिल रहे।
--------------