नरैनी। जिलाधिकारी आनंद कुमार सिंह ने तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस पर फरियादियों की शिकायतें सुनीं। चेतावनी दी कि शिकायतों का समय पर गुण-दोष के आधार पर निस्तारण करें।
डीएम ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी व खंड विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि सात दिन के अंदर छुट्टा गोवंश गोशालाओं में पहुंचा दें। शांतिनगर निवासी तेजन देवी की शिकायत पर बीडीओ को पात्रता के आधार पर पेंशन दिलाने के आदेश दिए।
129 शिकायतों में मात्र दो का मौके पर निस्तारण किया गया। सीडीओ वेद प्रकाश मौर्य, सीएमओ डा. विजय कुमार, एसडीएम वंदिता श्रीवास्तव, सीओ नितिन प्रसाद, तहसीलदार सुशील कुमार आदि मौजूद रहे। बबेरू में एसडीएम अवधेश निगम ने शिकायतें सुनीं। 55 शिकायतों में 13 का मौके पर निस्तारण हुआ।
सीओ सियाराम, तहसीलदार विपिन कुमार, बीडीओ डा. प्रभात आदि मौजूद रहे। पैलानी में एसडीएम रामकुमार ने 62 शिकायतों में दो का मौके पर निस्तारण किया। सीओ सत्यप्रकाश शर्मा, तहसीलदार तिमराज सिंह, थाना प्रभारी उमेश कुमार, जसपुरा थाना प्रभारी सुनील कुमार आदि मौजूद रहे।
अतर्रा तहसील सभागार में एसडीएम सौरभ शुक्ला ने शिकायतें सुनीं और अधिकारियों को प्राथमिकता के साथ समाधान करने के निर्देश दिए। 38 शिकायतों में तीन का मौके पर निस्तारण किया गया।