बांदा। ऑक्सीजन पार्क (नवाब टैंक) में स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रगान के अपमान पर कार्रवाई की मांग लेकर अनशन पर बैठे समाजसेवियों को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) का भी साथ मिल गया।
प्रदेश अध्यक्ष डा. गिरीशचंद्र शर्मा ने अनशनकारियों का समर्थन किया। पूरे प्रदेश में होने वाले प्रदर्शनों में इस मुद्दे को शामिल करने की घोषणा की। सोमवार को स्वतंत्रता स्मारक अशोक लाट में भाकपा प्रदेश अध्यक्ष/प्रदेश सचिव डा. गिरीशचंद्र ने कहा कि राष्ट्रगान का अपमान करने वाले अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की वह निंदा करते हैं। यह शर्मनाक है। दोषियों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए।
एलान किया कि उनकी पार्टी पहली सितंबर को पूरे प्रदेश में होने वाले प्रदर्शनों में इस मुद्दे को भी जोरशोर से उठाएगी। साथ ही समाजसेवी शालनी सिंह पटेल पर हुई कार्रवाई को भी उन्होंने तानाशाही बताया।
अनशनकारियों का हौसला बढ़ाया। उनके साथ प्रदेश सह सचिव डा. अरविंद राजस्वरूप, राष्ट्रीय परिषद सदस्य डा. रामचंद्र सरस, जिला सचिव श्याम सुंदर राजपूत, देवीदयाल गुप्ता, वीरेंद्र सिंह, सफात खां, संदीप समेत अनशनकारी शालनी सिंह पटेल, राजेश राष्ट्रवादी, राममिलन सिंह पटेल, केके दीक्षित, श्यामबाबू त्रिपाठी आदि उपस्थित रहे। सोमवार को क्रमिक अनशन का 10वां दिन था। अब तक अधिकारियों ने कोई सुध नहीं ली।