बलरामपुर। सेंट जेवियर्स सीनियर सेकेंड्री स्कूल में रविवार को राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें शिक्षकों को नई पद्धति व अधिगम के माध्यम से शिक्षण कार्य करने के तरीके बताए गए।
2022 में बेस्ट कॅरिअर काउंसिलर का पुरस्कार प्राप्त करने वाली सुरभि अरोड़ा ने गतिविधियों के माध्यम से शिक्षकों की स्वर तीव्रता सुधारने का तरीका बताया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के साथ शिक्षकों का संबंध पारदर्शी होना चाहिए। इसके लिए शिक्षक की बॉडी लैंग्वेज काफी महत्वपूर्ण हैं।
उन्होंने परीक्षा के लिए प्रश्नपत्रों में होने वाले बदलाव तथा बच्चों की शैक्षिक गतिविधियों में सुधार के लिए तमाम उपयोगी जानकारी दी। कहा कि गणित जैसे कठिन विषय में विद्यार्थियों की रुचि बढ़ाने के लिए संगीत गतिविधि से शिक्षण कार्य करना उपयोगी होगा। इस मौके पर रेखा ठाकुर, राजेश जायसवाल, आफाक हुसैन, रंजन शर्मा, भावना तिवारी, रवि प्रकाश मिश्र आदि मौजूद रहे।