जिले में निर्बाध आपूर्ति को लेकर विभाग ने तैयारी तेज कर दी है। सौभाग्य योजना के अधूरे कार्यों को रिवैंप विद्युत सुधार योजना में शामिल किया जाएगा। करीब 200 मजरे तक अभी भी बिजली नहीं पहुंच सकी है। इसको लेकर सभी विधायकों से प्रस्ताव मांगा गया है।
विद्युत विभाग के अधिकारियों की मानें तो रिवैंप विद्युत सुधार योजना के तहत पुरानी और जर्जर लाइन के अलावा विद्युत पोल को बदलने के साथ ही जिन मजरों तक बिजली नहीं पहुंची है वहां पहुंचाने का काम किया जाएगा। इसके अलावा नए ट्रांसफार्मर लगाने व सब स्टेशन की क्षमता बढ़ाने का काम भी किया जाएगा। योजना के तहत कार्य के लिए विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता ने सभी विधायकों से प्रस्ताव मांगा है। अधिकारियों की मानें तो जिले के करीब 200 मजरे ऐसे हैं जहां बिजली नहीं पहुंच सकी है और सौभाग्य योजना के तहत यह कार्य पूरे नहीं हो सके हैं। इस बाबत विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता आरके जैन ने बताया कि सौभाग्य योजना के तहत अधूरे कार्यों को रिवैंप योजना से कराने का निर्देश है। इसको लेकर सभी विधायकों से प्रस्ताव मांगा गया है। प्रस्ताव मिलने के बाद प्राक्कलन तैयार कर रिवैंप योजना में शामिल किया जाएगा।