बलिया जिले के शिवपुर कपूर दीयर पंचायत के लगन टोला गांव में बृहस्पतिवार सुबह बाढ़ से घिरी मड़ई की ईंट की दीवार गिर गई। घटना में कमरे के अंदर सो रहे तीन लोग मलबे की चपेट में आकर घायल हो गए। घायलों को किसी तरीके से निकालकर कर सीएचसी सोनबरसा ले जाया गया। इसमें दो की हालात गंभीर होने के कारण जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया।
दोकटी थाना क्षेत्र के शिवपुर कपूर दियर के लगनटोला गांव में बुधवार को पूर्णमासी का परिवार मड़ई में सोया हुआ था। बाढ़ से घिरे रहने और लगातार बारिश से जलजलाई मड़ई की ईंट की दीवार गिरने से उसमें सोए पूर्णमासी (40), अनन्या (05) पुत्री पूर्णमासी और सत्यम (01) पुत्र पूर्णमासी घायल हो गए। ईंट को हटाकर घायलों को निकाला गया।
किसी तरह पानी लांघकर पहले बीएसटी बंधे पर ले जाया गया। वहां से एंबुलेंस से सीएचसी सोनबरसा ले जाया गया। प्राथमिक इलाज कर अनन्या और सत्यम को जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया। पूर्णमासी का इलाज कर अस्पताल से छोड़ दिया गया। गनीमत रहा कि हादसा सुबह के समय हुआ। परिवार के कुछ लोग दैनिक क्रिया के लिए बाहर निकल गए थे। नहीं तो घायलों की संख्या और ज्यादा होती।