बलिया। भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का त्योहार रक्षाबंधन रविवार को मनाया जाएगा। भाई की कलाई पर बहनें राखी बांधकर लंबी उम्र की कामना करेंगी। भाई बहनों के सुख-दुख में साथ रहने का संकल्प लेंगे। पर्व को लेकर शनिवार को बाजारों में खूब चहल-पहल है।
नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में राखी की दुकानें सजी रहीं। दुकानों पर लोगों की खासी भीड़ देखने को मिली। कपड़े और मिठाई की दुकानों पर भारी भीड़ बनी रही। दुकानों से कई वेराइटी की राखियों की खरीदारी हुई। रक्षाबंधन पर मिठाई की दुकानों की रंगत देखने वाली थी। दुकानों को अच्छी तरीके से सजाया गया था।उपहार देने के लिए दुकानों और शापिंग माल में परिधानों की भी खरीदारी हुई। गिफ्ट आइटम की भी खरीद हुई। रविवार तो सुबह 8.35 बजे शाम 5:00 बजे के बीच कभी भी राखी बांधी जा सकती है।
अवकाश के दिन भी राखी पहुंचाएंगे डाकिये
डाक विभाग रक्षाबंधन के दिन अवकाश पर बी खुला रहेगा। रविवार को भी राखियों की डाक वितरित कराई जाएगी। इस संबंध में मुख्यालय से निर्देश जारी किए गए हैं। डाक अधीक्षक संजय त्रिपाठी ने कहा कि रक्षाबंधन के पर्व के दिन में दो बार डाक वितरित कराई जाएगी। ताकि बहनों द्वारा भेजी गई राखी भाइयों तक पहुंच सके। रक्षाबंधन का पर्व 22 अगस्त यानी रविवार को है और रविवार के लिए साप्ताहिक अवकाश रहता है, लेकिन डाक विभाग ने सभी कर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी है। छुट्टी के दिन भी राखियों से जुड़ी डाक वितरित कराई जाएगी।